1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. indore homestay farm stay registration camp november 1

इंदौर में 1 नवंबर को लगेगा होम स्टे और फार्म स्टे पंजीयन शिविर, जानें किसे मिलेगा मौका

home stay
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मार्गदर्शन में तथा होम स्टे ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी, मध्य प्रदेश के सहयोग से 1 नवम्बर 2026 को इंदौर स्थित होटल अमर विलास में संभाग स्तरीय होम स्टे, फार्म स्टे, ग्राम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट पंजीयन शिविर एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला दोपहर 1:30 बजे से प्रारंभ होगी।
 
इस शिविर में इंदौर संभाग के अंतर्गत आने वाले इंदौर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ, खंडवा एवं खरगोन जिलों सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के नागरिक एवं होम स्टे संचालक भाग ले सकेंगे। जिन व्यक्तियों के पास स्वयं का घर, फार्म हाउस, हेरिटेज होम अथवा अन्य आवासीय संपत्तियाँ उपलब्ध हैं, वे मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की होम स्टे योजना 2010 (संशोधित 2026), फार्म स्टे योजना एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना से जुड़कर पर्यटन गतिविधियों का हिस्सा बन सकते हैं तथा अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
 
होम स्टे ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शरद दीक्षित ने कहा, - मध्य प्रदेश में होम स्टे, फार्म स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट योजनाएँ ग्रामीण एवं स्थानीय पर्यटन को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक संपत्ति मालिकों को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे अपनी उपलब्ध परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें। इंदौर में आयोजित यह कार्यशाला इच्छुक नागरिकों को पंजीयन, संचालन और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी प्रदान करेगी तथा आत्मनिर्भर पर्यटन उद्यमिता को बढ़ावा देगी।"
 
कार्यशाला के दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ पंजीयन प्रक्रिया, निरीक्षण व्यवस्था, उपलब्ध प्रोत्साहन एवं सब्सिडी, परियोजना के लाभ, अतिथि पंजीयन तथा संचालन संबंधी आवश्यक जानकारियाँ प्रदान करेंगे। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों को पंजीयन प्रपत्र भरने एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी मौके पर दी जाएगी।
 
श्री दीक्षित ने इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध किया है कि वे अपने घर, फार्म हाउस अथवा संपत्ति के फोटो एवं आवश्यक जानकारी के साथ कार्यशाला में उपस्थित हों ताकि उन्हें पंजीयन संबंधी मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जा सके।
अगला लेख
Kinetic DX इलेक्ट्रिक स्कूटर, 102KM रेंज और 90KM/H की स्पीड, जानें फीचर्स