इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 24वीं मौत, पीड़ितों से मिलेंगे राहुल गांधी
Indore news in hindi : इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड के मामले में गुरुवार को सुभद्रा पवार नामक महिला की मौत हो गई। उसे उल्टी दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को भागीरथपुरा दूषित पानी मामले के पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
मृतका के बेटे मनीष पवार ने आरोप लगाया कि दूषित पानी से फैले डायरिया के कारण ही उनकी मां की मौत हुई है। वे 27 दिसंबर से बीमार थी और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि बस्ती के 30 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती है। 8 मरीज अभी भी आईसीयू में है।
हाईकोर्ट में क्या बोले मुख्य सचिव : भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर हाईकोर्ट में याचिका लगी है। जिस पर गुरुवार को सुनाई हुई प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन वर्चुअल सुनवाई से जुड़े और शासन की तरफ से वस्तुस्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ शासन ने कार्रवाई की है। उन्होंने कोर्ट को यह भी कहा कि मृतकों में कुछ को दूसरी बीमारियां भी थीं।
दूषित पानी से जो भी लोग प्रभावित हुए है। उनका शासन की तरफ से मुफ्त इलाज भी किया जा रहा है। कोर्ट ने सुनवाई की अगली तिथि 20 जनवरी तय की है और शासन को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। सरकार की तरफ से आए वकील ने कहा कि 15 की मौत दूषित पानी से हुई है। अन्य लोगों की मौत के कारण दूसरे भी हो सकते हैं।
राहुल गांधी को नहीं मिली बैठक की अनुमति : कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जनवरी को भागीरथपुरा बस्ती में आएंगे। वे दूषित पानी पीने से मृत लोगों के परिजनों से मिलेंगे। राहुल गांधी ने इंदौर में प्रदेश भर के कांग्रेस के पार्षद व जनप्रतिनिधियों की बैठक की अनुमति मांगी थी। हालांकि प्रशासन की तरफ से इसकी अनुमति नहीं मिली।
edited by : Nrapendra Gupta