शुक्ला ब्रदर्स की बस ने फिर मारी टक्कर, बाइक सवार घायल, हादसे से भड़के लोगों ने बस में आग लगाई
विधायक गोलू शुक्ला के परिवार की ट्रैवल एजेंसी की बस ने एक बार फिर से बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी। पूरी बस धूं धूंकर जल उठी। बस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की दमकलें पहुंची और बस में लगी आग को बुझाया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
बता दें कि इंदौर में आए दिन बस हादसे हो रहे हैं। इंदौर देवा, उज्जैन, महू आदि शहरों के बीच चलती ये उपनगरीय बसें बेलगाम होकर दौड रही हैं। बुधवार की सुबह भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के परिवार की ट्रेवर्ल्स एजेंसी की बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। वह गंभीर रुप से घायल हुआ है। इसके बाद भीड़ ने बस को आग के हवाले कर दिया।
चालक मौके से भाग गया : यह घटना राजकुमार ब्रिज के समीप बुधवार सुबह उस वक्त हुई, जब शुक्ला ब्रदर्स की उपनगरीय बस ब्रिज की तरफ बढ़ रही थी। बस की रफ्तार तेज थी और उसमें कुछ यात्री भी बैठे थे। बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर से युवक के हाथ पैर और पीठ में चोट लगी। लोगों ने बस को रोका और चालक के साथ हाथापाई की। चालक भीड़ से पीछा छुड़ाकर भाग निकला।
चार माह में यह तीसरी घटना : लोगों ने घायल युवक को एमवाय अस्पताल पहुंचाया। इस बीच नाराज लोगों ने बस को आग लगा दी। आग ने बस के अगले और पिछले हिस्से को चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की दमकलें पहुंची और बस में लगी आग को बुझाया। उधर पुलिस चालक की तलाश कर रही है। शुक्ला ब्रदर्स की बस से चार माह में यह तीसरी घटना है। इससे पहले इंदौर-उज्जैन रोड पर बस की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। राजकुमार ब्रिज पर भी बस ने एक महिला और बेटी को टक्कर मारकर घायल कर दिया था।
Edited By: Navin Rangiyal