Weather Update: दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, देशभर में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
Weather Update 27 March : 2 पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने की वजह से देश भर में एक से फिर आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में वर्षा/बर्फबारी के साथ गरज-चमक, बिजली और तेज हवा की संभावना है।
IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 से 31 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में पूरे सप्ताह के दौरान छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा के साथ गरज-चमक, बिजली और तेज हवा चलने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 मार्च, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 27 से 29 मार्च के दौरान, और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 मार्च 2026 को कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 29 मार्च से मौसम का एक और दौर शुरू होगा, जिसमें गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य भारत में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। 31 मार्च तक मध्य प्रदेश में, अगले सात दिनों तक छत्तीसगढ़ में और अगले 5 दिनों तक विदर्भ में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 26 से 30 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। केरल और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें