1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. contaminated water incident in Bhagirathpura has ruined tourism in Indore
Last Updated : शनिवार, 10 जनवरी 2026 (14:26 IST)

भागीरथपुरा दूषित पानी कांड ने लगाई इंदौर के पर्यटन की वाट, टूर हुए कैंसल, आने से कतरा रहे विदेशी लोग

indore
इंदौर में हाल ही में दूषित पानी से हुई 18 मौतों ने न सिर्फ इंदौर के स्‍वच्‍छता पर दाग लगाया बल्‍कि यहां के पर्यटन को भी जमकर नुकसान पहुंचाया है। इस कांड को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस लगातार प्रशासन और बीजेपी नेताओं पर हमलावर है। अब भी लोग दूषित पानी की वजह से हुई घटना से लोग पानी से डर रहे हैं। लेकिन अब बाहरी पर्यटक भी इंदौर आने से कतराने लगे हैं। रिपोर्ट बता रही है कि इस घटना का सीधा असर शहर की अंतरराष्ट्रीय छवि और पर्यटन बिजनेस पर भी आ गया है।

दो बड़े टूर निरस्त हुए : बता दें कि हाल ही में इंदौर के दो बड़े टूर निरस्त हो गए हैं और जो पर्यटक शहर आ रहे हैं, वे भी यहां के पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंतित नजर आते हैं। आमतौर पर महेश्वर और ओंकारेश्वर जाने वाले पर्यटक इंदौर भी घूमने आया करते हैं, लेकिन उनकी संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही कांग्रेस ने भी इंदौर के स्वच्छता अवार्डों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है।

सराफा और छप्‍पन पर कम हुई भीड : डर का आलम यह है कि इंदौर की सबसे प्रसिद्ध फूड गलियां सराफा और छप्‍पन दुकान पर बाहरी पर्यटकों की भीड कम नजर आने लगी है। स्‍थानीय लोगों के साथ ही बाहरी लोग भी अब यहां जाने से कतराने लगे हैं। छुट्टियों के सीजन में उज्‍जैन से ओमकारेश्‍वर जाने वाले पर्यटक इंदौर के खाने पीने का लुत्‍फ उठाते रहे हैं, लेकिन घटना के बाद लोग अब सीधे उज्‍जैन से ओमकारेश्‍वर निकल रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि यह सीजन है, लेकिन अभी लोग कम दिख रहे हैं।

इंदौर ट्रेवल्स एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन के मुताबिक मॉरीशस से अधिकारियों का एक दल जनवरी के पहले सप्ताह में इंदौर आने वाला था, जिसे रद्द कर दिया गया। इसी तरह बेंगलुरु से मध्य प्रदेश भ्रमण पर आने वाले एक समूह ने भी अपनी बुकिंग निरस्त करा दी है। बता दें कि भागीरथपुरा में 26 दिसंबर से मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हुआ था, जिसके बाद अब तक 18 मौतें हो चुकी है। लोग अब भी अस्‍पतालों में भर्ती हैं।
Edited By: Navin Rangiyal
ये भी पढ़ें
इंदौर के मानपुर भेरू घाट में 7 वाहन टकराए, उड़ते हुए कार पर चढ़ी पिकअप, कई घंटों से यातायात रूका