शादी के घर में रहें चौकन्ने
ND
घर में इतने रिश्तेदार और नौकर मौजूद थे कि किस पर शक करें और किस पर न करें, समझ से बाहर था। 'लड़की की ससुराल वालों को अब क्या मुँह दिखाएँगे?' यही सोच-सोचकर श्रेया की माँ का बुरा हाल था। नतीजतन, उनकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। कुछ ही मिनटों में घर में चल रहा खुशियों का माहौल चिंता में बदल गया।
पूछताछ करने पर पता चला कि सगाई से लौटने के बाद माँ ने गहने अलमारी में रखने का आलस किया। उन्होंने गहने श्रेया की छोटी बहन को रखने के लिए दे दिए थे। बहन का कहना था कि वह किसी और काम में लग गई और अलमारी का ताला लगाना भूल गई थी। इस तरह थोड़ी-सी लापरवाही से लेने के देने पड़ गए।
लापरवाही न करें
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में शादी हँसी-खुशी संपन्न हो जाए, तो आपको शादी के साथ-साथ घर पर भी पूरा ध्यान देना होगा। आपकी थोड़ी-सी लापरवाही आपकी खुशियों को छीन सकती है।
ND
आजकल देखने में आता है कि शादी करने के लिए लड़के वाले लड़की वालों को अपने ही शहर में बुलाते हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि आप अपने कीमती सामान का बैग अलग करके अपने पास सुरक्षित रखें। शादी के मंडप में सामान की जिम्मेदारी किसी भरोसेमंद व्यक्ति को ही सौंपें।
हर पल सतर्क
1. शादी में आने वाले सभी मेहमानों से पहले ही कह दें कि अपने सामान की देखभाल वे स्वयं करें।
2. आप तैयार होते समय जेवरों को लापरवाही से उतारकर इधर-उधर न रख दें। यह शादी का घर है। यहाँ से कोई भी चीज इधर-उधर हो सकती है या फिर शादी के बाद आकर आलस व लापरवाही में सामान को ऐसे ही न डालें बल्कि उपयुक्त स्थान पर ही रखें।
3. जिस अलमारी में लड़की का कीमती सामान रखा है, उसे नौकरों व रिश्तेदारों के सामने बार-बार न खोलें और अलमारी का ताला लगाकर चाबी अपने ही पास रखें।
4. लड़की तैयार होने पार्लर जा रही हो तो जेवर उसे घर से ही पहनाकर भेजें। ऐसा न हो कि लाने-ले जाने में जेवर कहीं खो जाएँ। लड़की को पहनाए जाने वाले जेवरों की एक लिस्ट भी बना लें।

