1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नायिका
  4. »
  5. आप और आपका घर
Written By ND

किचन स्लैब हो आपके मुताबि‍क

वामा
- पूजा डबास

ND
क्या आपको किचन में खाना बनाते समय स्टूल का सहारा लेना पड़ता है या फिर आप लंबी हैं तो स्लैब आपको थोड़ा छोटा पड़ता है जिससे खाना पकाने में आपकी अच्छी खासी मशक्कत हो जाती है।

किचन में अपनी स्लैब को बिना नजरअंदाज किए उसका सही चुनाव करें ताकि बिना किसी परेशानी के आप स्वादिष्ट भोजन पका सकें। अकसर किचन में महिलाओं को स्लैब संबंधित परेशानी आती ही है जिसे वह स्टूल रखकर नजरअंदाज करती चली जाती हैं। उन्हें लगता है कि किचन जैसा बन गया ठीक है। अब कौन इसे बार-बार तुड़वाकर सही कराने का झंझट मोल ले।

वहीं कामकाजी महिलाओं के लिए तो यह स्लैब कहीं ज्यादा परेशानी का सबब बन जाता है चूँकि दफ्तर के बाद उनका कहीं सबसे ज्यादा समय गुजरता है तो वह है किचन। सुबह का नाश्ता, लंच बनाने से लेकर रात तक खाना यह सब तभी अच्छा बन सकता है जब आपकी किचन का स्लैब आपके मुताबिक हो।

नहीं तो जाहिर है जितनी बार आप खाना बनाएँगी उतनी बार अपनी किचन को कोसेंगी। तो अगर आप अपना घर शिफ्ट कर रही हैं या फिर पुराने घर में भी रह रही हैं तो आसानी से अपना स्लैब बदलवा सकती हैं। घर बदल रही हैं तो ध्यान दें की किचन में स्लैब आपके मुताबिक ही बना हो जिससे खाना पकाने में कोई दिक्कत न आए।

आमतौर पर पहले किचन में 38 इंच के स्लैब हुआ करते थे जो अब 33 इंच तक पहुँच गए हैं। ये सब इन्हीं समस्याओं के चलते हुआ है। अगर आप अपनी किचन में खाली स्लैब से परेशान हैं तो खाली स्लैब भी बदलवा सकती हैं जिसका खर्चा लगभग 10 हजार तक आता है।

वैसे आजकल बिना स्लैब तोड़े भी अपने कद के हिसाब से स्लैब को ऊपर-नीचे कर सकते हैं। इसके लिए स्लैब में प्लिंथ लेग का इस्तेमाल कर आप उसे अपने हिसाब से ऊपर-नीचे कर सकती हैं।
लेखक के बारे में
ND