1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. Microns ATMP unit inaugurated in Sanand, PM Modi said – India will become a global semiconductor hub

साणंद में Micron की ATMP यूनिट का उद्घाटन, PM मोदी बोले- भारत बनेगा ग्लोबल सेमीकंडक्टर हब

Sanand
भारत को ग्लोबल सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पड़ाव दर्ज हुआ है। नरेंद्र मोदी ने साणंद में Micron Semiconductor Technology India Pvt Ltd की असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग (ATMP) सुविधा का भव्य उद्घाटन किया। इसके साथ ही देश में सेमीकंडक्टर चिप्स के व्यावसायिक उत्पादन की शुरुआत हुई है, जो वैश्विक वैल्यू चेन में भारत की स्थिति को और मजबूत बनाएगी। 
 
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने रोड शो किया, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया और पीएम मोदी ने भी जनता का अभिवादन स्वीकार किया। 
 
साणंद में माइक्रोन सेमीकंडक्टर फैसिलिटी के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अब सॉफ्टवेयर से आगे बढ़कर हार्डवेयर क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि 20वीं सदी में तेल दुनिया का मुख्य संसाधन था, जबकि 21वीं सदी में माइक्रोचिप सबसे महत्वपूर्ण बनेगी। 22,516 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के साथ गुजरात देश के ‘सेमीकंडक्टर हब’ के रूप में उभरेगा।
 
नरेंद्र मोदी ने साणंद के विकास को याद करते हुए कहा, “मैंने अपनी आंखों से साणंद को सिर्फ एक कार फैक्ट्री से देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल हब में बदलते देखा है। एक बड़ी कंपनी के आने से पूरा इकोसिस्टम विकसित हुआ, सप्लायर नेटवर्क बना और रोजगार के अवसरों में बड़ा इजाफा हुआ। आज साणंद वैश्विक नक्शे पर अपनी पहचान बना चुका है।”
 
उन्होंने विश्वास जताया कि गुजरात ऐसा आधुनिक जीवनस्तर और अनुकूल सामाजिक माहौल प्रदान करेगा, जिसकी आज हर व्यक्ति अपेक्षा करता है।
 
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने Micron Technology के अत्याधुनिक ATMP प्लांट का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति की सदी है और भारत आज वैश्विक स्तर पर सक्षम, प्रतिस्पर्धी और प्रतिबद्ध भागीदार बनकर उभर रहा है।
 
उन्होंने आगे कहा कि कुछ साल पहले तक देश में चिप और डेटा पर सीमित चर्चा होती थी, लेकिन अब भारत तेजी से वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में अपनी जगह बना रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल एक फैक्ट्री स्थापित करना नहीं, बल्कि डिजाइन इंजीनियर से लेकर मशीन निर्माण और लॉजिस्टिक्स तक पूरे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का विकास करना है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Ayatollah Ali Khamenei कर रहे थे हाईलेवल मीटिंग, गिराए 30 बंकर बस्टर बम, इजराइल ने कहा- हमले जारी रहेंगे