गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. History will be created in Gujarat in field of technology
Last Updated : गुरुवार, 26 फ़रवरी 2026 (13:12 IST)

गुजरात में रचा जाएगा नया इतिहास, PM मोदी लांच करेंगे भारत की पहली 'मेड इन इंडिया' सेमीकंडक्टर चिप

History will be created in Gujarat in field of technology
History will be created in Gujarat in field of technology : भारत तकनीक के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल करने की दहलीज पर खड़ा है। खबरों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी इसराइल यात्रा से लौटने के बाद जल्द ही गुजरात में देश की पहली स्वदेशी रूप से निर्मित 'मेड इन इंडिया' सेमीकंडक्टर चिप को लांच कर सकते हैं। सेमीकंडक्टर चिप (इंटीग्रेटेड सर्किट/IC) सिलिकॉन से बनी एक छोटी डिवाइस है, जिसे आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का 'दिमाग' कहा जाता है। यह मोबाइल, कंप्यूटर, कार, और मिसाइलों में डेटा प्रोसेस, स्टोर और करंट कंट्रोल करने के लिए अनिवार्य है।
 
गौरतलब को कि भारत ने गुजरात के साणंद में प्रमुख रूप से अमेरिकी कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी (Micron Technology) के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर असेंबलिंग और टेस्टिंग प्लांट स्थापित किया है, जो भारत की पहली बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट है।  भारत अभी 90-95% चिप्स आयात करता है, लेकिन अब 'मेड इन इंडिया' चिप (जैसे 2nm) और स्थानीय उत्पादन पर जोर दे रहा है।
सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग प्लांट अब उत्पादन के लिए तैयार है, जो भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस ऐतिहासिक अवसर को मनाने के लिए गुजरात सरकार 1 मार्च, 2026 को गांधीनगर के महात्मा मंदिर में 'सेमीकनेक्ट कॉन्फरेंस 2026' के तीसरे संस्करण का आयोजन करने जा रही है। गुजरात : इंडिया गेटवे टू सिलिकॉन थीम पर आधारित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में किया जाएगा।
 
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। वे 27 फरवरी को इसराइल से वापस लौटेंगे और साणंद में इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन कर सकते हैं। यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले समय में राज्य में नगर निगम, जिला पंचायत और तहसील पंचायतों के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में इस बड़ी सौगात का असर स्थानीय चुनावों पर भी देखने को मिल सकता है।
जिस प्रकार महात्मा गांधी ने चरखे के माध्यम से 'स्वदेशी' को जन आंदोलन बनाया था, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वदेशी चिप की लांचिंग भारत की नई डिजिटल क्रांति की नींव रखेगी। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की इस प्रगति से न केवल इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
Edited By : Chetan Gour