47 किमी और 16 साल की बच्ची, बस में 2 दरिंदों ने दिल्ली के कश्मीरी गेट तक मचाई हैवानियत, जानिए गैंगरेप की पूरी कहानी
- मैनपुरी की रहने वाली 16 साल की 11वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
- घटना के बाद पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को दी थी सूचना
- कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू की
सवारी न होने का उठाया फायदा : बस में चढ़ने के बाद पीड़िता को अहसास हुआ कि उसमें कोई अन्य यात्री नहीं था। बस के चलते ही कंडक्टर ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। पूरी बस में सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर ही थे। चालक और कंडक्टर दोनों ने मिलकर चलती बस में छात्रा के साथ बारी बारी से दुष्कर्म किया। उन्होंने उसे धमकाया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपियों ने देर रात उसे कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और बस लेकर मौके से फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला : जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली यह छात्रा 4 अगस्त को घर में किसी बात से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और रात के अंधेरे के कारण वह अपनी सही जगह पर उतरने के बजाय परी चौक पर उतर गई। वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को देखकर उसने रुकने का इशारा किया। बस के कंडक्टर ने उसे आश्वस्त किया कि वह उसे नोएडा सेक्टर-63 उतार देगा। लेकिन बस में चढ़ने के कुछ ही देर बाद कंडक्टर और ड्राइवर ने अपनी घिनौनी करतूत शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और चलती बस में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देर रात उसे कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए।
47 किलोमीटर का लंबा रास्ता: परी चौक से कश्मीरी गेट तक के इस सफर में बस ने लगभग 47 किलोमीटर की दूरी तय की, लेकिन इस बीच उन्हें कहीं भी पुलिस बैरिकेडिंग या चेकिंग का सामना नहीं करना पड़ा।
काले पर्दे और सुनियोजित साजिश: बस में गहरे रंग के पर्दे लगे हुए थे, जिसके कारण बाहर से गुजर रहे किसी भी राहगीर को अंदर चल रही इस दरिंदगी का अहसास नहीं हो सका।
वर्कशॉप जा रही थी बस: पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बस खराब होने के बाद उसे सूरजपुर की वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए ले गए थे और फिर खाली बस को तिमारपुर ला रहे थे, तभी रास्ते में छात्रा उन्हें मिल गई और उन्होंने उसे अपना शिकार बना डाला।

