- खबर-संसार
» - चुनाव
» - छत्तीसगढ़
रिझाने आएँगी मायावती
रायपुर। बसपा ने अब चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मंत्रियों की धुआँधार सभाएँ हो रही हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती शीघ्र ही प्रदेश के दौरे पर आएँगी। उत्तप्रदेश के केबिनेट मंत्री अनंत कुमार मिश्रा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सभाएँ ले चुके हैं। बताया जा रहा है कि उत्तप्रदेश के मंत्रियों व बड़े नेताओं के लगातार दौरे होंगे। प्रदेश प्रभारी एवं उत्तप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री लालजी वर्मा भी 20 अक्टूबर को चार दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे शाम को जेट एवरवेज से यहाँ पहुँचेंगे और एयरपोर्ट से सीधे धरसींवा के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहाँ से वे बिलासपुर जाएँगे। 20 से 23 अक्टूबर तक लगातार चार दिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उनकी सभाएँ होंगी। इनमें कोरिया, सरगुजा, तखतपुर, मुंगेली, पंडरिया, बालोद व कुरूद आदि शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष दाऊराम रत्नाकर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती शीघ्र ही प्रदेश के दौरे पर आएँगी। प्रदेश के सभी जिलों में उनकी सभाएँ कराने की योजना है। फिलहाल तिथि तय नहीं हुई है। आजकल में कार्यक्रम तय हो जाएगा। चार सीटों के प्रत्याशी तय : बसपा ने प्रत्याशी चयन में नई रणनीति अपनाई है। 86 प्रत्याशियों की घोषणा के बाद शेष चार सीटों के लिए संगठन स्तर पर प्रत्याशी तय कर दिए गए हैं, मगर पार्टी उनके नाम सार्वजनिक करने से कतरा रही है। पार्टी के एक जिम्मेदार पदाधिकारी ने बताया दुर्ग ग्रामीण, बेमेतरा, रामानुजगंज व धर्मजयगढ़ सीट के लिए चयनित प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी ने उनके नाम सार्वजनिक नहीं करने का फैसला लिया है। (नईदुनिया)