1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फिल्म समीक्षा

हिमेश का सुरूर

आपका सुरूर हिमेश रेशमिया
निर्माता : विजय तनेजा
निर्देशक : प्रशांत चड्ढा
संगीत : हिमेश रेशमिया
कलाकार : हिमेश रेशमिया, हंसिका मोटवानी, मल्लिका शेरावत, राज बब्बर

IFMIFM
हिमेश कितने लोकप्रिय हैं, इस बात का अंदाजा उनकी हालिया रिलीज ‘आपका सुरूर’ में जुटी आरंभिक भीड़ को देख लगाया जा सकता है। हिमेश का चेहरा आम नायकों जैसा नहीं है। उन्होंने फिल्मों में कभी अभिनय नहीं किया है। इसके बावजूद उनकी फिल्म को तीन फिल्मों में सबसे शानदार शुरूआत मिली है।

फिल्म का प्रचार कुछ इस तरह किया गया कि लोगों को फिल्म की कहानी के बजाय हिमेश के बारे में जानने की उत्सुकता जाग उठीं। अपने प्रशंसकों के प्यार के बल पर ही हिमेश ने अभिनेता बनने की ठानी।

‘आपका सुरूर’ की कहानी वही है, जो दर्शक सैकड़ों बार देख चुके हैं। फिल्म के प्रचार में कहा गया है कि यह एक लव स्टोरी है, लेकिन लव स्टोरी के बजाय यह थ्रिलर ज्यादा लगती है।

एक पत्रकार की हत्या का आरोप हिमेश पर लग जाता है। उसे जेल में बंद कर दिया जाता है। जेल से भागकर हिमेश अपनी बेगुनाही साबित करता है। एक छोटी-सी कहानी को निर्देशक ने खींचकर बड़ा किया है।

फिल्म की पटकथा बेहद लचर है और कई दृश्य ऐसे हैं जो हजम नहीं होते। जैसे- इधर हिमेश की प्रेमिका की शादी होती रहती है और उधर हिमेश असली अपराधी को पकड़ लेता है। उसके जुर्म को स्वीकारने वाले दृश्य का सीधा प्रसारण होता है। इस दृश्य को सात फेरे रूकवाकर हिमेश की प्रेमिका और उसके पिता देखते हैं। ऑटो रिक्शा वाले सीन भी बेहद अजीब हैं। मल्लिका का हृदय परिवर्तन भी समझ से परे है।

निर्देशक प्रशांत ने सिर्फ फिल्म को स्टाइलिश लुक देने के लिए मेहनत की है। पटकथा पर उन्होंने बिलकुल भी ध्यान नहीं दिया। फिल्म के नाम पर उन्होंने खूब छूट ली है। अपनी कमियों को छिपाते हुए उन्होंने फिल्म की गति इतनी तेज रखी है कि दर्शकों को सोचने का मौका नहीं मिलता।

हिमेश के चेहरे पर एक जैसे भाव रहते हैं, लेकिन उनमें आत्मविश्वास जबरदस्त है। पहली फिल्म के हिसाब से उनका अभिनय ठीक ही कहा जाएगा। हंसिका प्रतिभाशाली हैं। मल्लिका शेरावत को फिल्म का आकर्षण बढ़ाने के लिए मौका दिया गया।

फिल्म का संगीत इसका सबसे बड़ा प्लस पाइंट है। सभी गाने हिट हो चुके हैं। जर्मनी की शानदार लोकेशन फिल्म की खूबसूरती को बढ़ाते हैं।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
एंटरटेनमेंट एडिटर एवं फिल्म समीक्षक | वेबदुनिया (Webdunia)   परिचय समय ताम्रकर हिंदी सिनेमा की गहरी समझ रखने वाले एक अनुभवी संपादक और फिल्म समीक्षक हैं। पिछले 19 वर्षों से 'वेबदुनिया' की संपादकीय टीम के अभिन्न अंग के रूप में, उन्होंने सिने पत्रकारिता में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। वे वर्तमान में.... और पढ़ें