YRF की मेगा रोमांटिक-एक्शन फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान, अहान पांडे और शरवरी मचाएंगे धमाल
यश राज फिल्म्स (YRF) एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक भव्य और धमाकेदार सिनेमाई अनुभव लाने की तैयारी में है। आदित्य चोपड़ा और ब्लॉकबस्टर निर्देशक अली अब्बास ज़फ़र की जोड़ी ने अपनी अगली अनटाइटल्ड रोमांटिक-एक्शन ड्रामा फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ डेट की घोषणा कर दी है।
यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 26 मार्च, 2027 (गुड फ्राइडे) के लंबे और खास वीकेंड पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। निर्माताओं ने इस बड़े त्यौहार का चुनाव बॉक्स ऑफिस पर एक नया इतिहास रचने के इरादे से किया है।
फिल्म की स्टार कास्ट इस समय ट्रेड और सिने-प्रेमियों के बीच सबसे बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म में अहान पांडे, शरवरी, बॉबी देओल और ऐश्वर्य ठाकरे अहम किरदार में नजर आने वाले हैं।
फिल्म का कैनवास काफी विशाल रखा गया है। मेकर्स के अनुसार, इस रोमांटिक एक्शन ड्रामा की शूटिंग बड़े पैमाने पर यूनाइटेड किंगडम (UK) की खूबसूरत और अंतरराष्ट्रीय लोकेशंस पर की गई है। यूके के विशाल लोकेशंस के साथ-साथ वाईआरएफ स्टूडियोज में भी इसके प्रमुख और थ्रिलिंग एक्शन सीन्स को शूट किया गया है।
निर्देशक अली अब्बास ज़फ़र और निर्माता आदित्य चोपड़ा की जोड़ी जब भी साथ आती है, बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका होता है। यह दोनों की बतौर निर्माता-निर्देशक 5वीं साझेदारी है। इससे पहले यह जोड़ी कई सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकी है। जिसमें मेरे ब्रदर की दुल्हन, गुंडे, सुल्तान और टाइगर ज़िंदा है शामिल है।
अब करीब एक दशक बाद दोनों एक बार फिर एक बड़े बजट की एक्शन-रोमांस कहानी के लिए साथ आए हैं, जिससे इंडस्ट्री की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। फिल्म में अली अब्बास ज़फ़र का सिग्नेचर स्टाइल देखने को मिलेगा, जहां इमोशनल लव स्टोरी के साथ-साथ इंटरनेशनल लेवल का हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट और चेज़ सीन्स का तड़का लगाया गया है।
हालांकि अभी तक फिल्म के आधिकारिक शीर्षक और इसके टीज़र/ट्रेलर से जुड़ी जानकारी गुप्त रखी गई है, लेकिन स्टार कास्ट और मेकर्स के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए यह तय है कि यह फिल्म 2027 की सबसे बड़ी रिलीज़ में से एक साबित होने वाली है।

