1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. malaika arora reacts to khesari lal yadav viral video over alleged dog mistreatment calls it disgusting

खेसारी लाल यादव के इवेंट में स्ट्रीट डॉग से बदसलूकी, वीडियो देख भड़कीं मलाइका अरोड़ा

Malaika Arora
बी-टाउन की बोल्ड और ग्लैमरस एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा अपनी फिटनेस और स्टाइल के साथ-साथ बेजुबान जानवरों के प्रति अपने खास प्यार के लिए भी जानी जाती हैं। 'छैया छैया गर्ल' अक्सर सोशल मीडिया और अपने रियल लाइफ मोमेंट्स में जानवरों के हक में आवाज उठाती नजर आती हैं। 
 
हाल ही में मलाइका का एक रूप उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव से जुड़े एक वायरल वीडियो पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बेजुबान कुत्ते के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है, जिसे देखकर मलाइका अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाईं और उन्होंने इसे सीधे तौर पर 'घिनौना' करार दे दिया।
 
क्या है पूरा मामला? 
दरअसल, भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव का एक क्लिप जमकर वायरल हो रहा है। इस क्लिप में खेसारी एक इवेंट के दौरान मीडिया और पैपराजी के सामने 'स्टैंडी' के पास पोज देते दिख रहे हैं। उसी दौरान एक आवारा कुत्ता रेड/ग्रीन कार्पेट पर शांति से बैठा नजर आ रहा था।
शुरुआत में एक्टर खुद अपने पैर से हल्के से कुत्ते को हटने का इशारा करते हैं ताकि उनका फोटो सेशन ठीक से हो सके। हालांकि, जब कुत्ता वहां से नहीं हटता, तो खेसारी का एक असिस्टेंट पास आता है और उस बेजुबान को बेहद बेदर्दी से पैर से धक्का देकर घसीटता हुआ वहां से हटाता है। इसके तुरंत बाद ही वहां मौजूद एक महिला भी उस डॉग के साथ दुर्व्यवहार करती दिखती है।
 
मलाइका अरोड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उतारा गुस्सा
यह वाकया जैसे ही मलाइका अरोड़ा की नजर में आया, उन्होंने तुरंत इस वीडियो क्लिप को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी पर री-शेयर किया। एक्ट्रेस ने इस रवैये पर कड़ा ऐतराज जताते हुए लिखा, "ये लोग आखिर हैं कौन??? और ये आदमी कौन है जो वहां खड़ा होकर पोज दे रहा है??? घिनौना।"
 
हालांकि मलाइका ने अपनी इस पोस्ट में खेसारी लाल यादव का सीधे तौर पर नाम नहीं लिखा। लेकिन उन्होंने इस बात को बिल्कुल साफ कर दिया कि किसी भी बेजुबान जानवर के साथ इस तरह का क्रूर बर्ताव उन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।
बॉलीवुड में मलाइका अरोड़ा की पहचान एक पक्की एनिमल लवर के रूप में होती है। उन्हें अक्सर अपने जिम के बाहर, वॉक के दौरान या सड़कों पर आवारा कुत्तों के साथ समय बिताते हुए देखा जाता है। सोशल मीडिया पर ऐसे अनगिनत वीडियो मौजूद हैं, जहां मलाइका देसी स्ट्रीट डॉग्स को प्यार से सहलाती, उन्हें खाना खिलाती और उनके साथ मस्ती करती नजर आती हैं। 
 
मलाइका अरोड़ा के वर्कफ्रंट की बात करें, तो एक्ट्रेस हाल ही में टीवी के मशहूर रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 11' में जज के रूप में नजर आई थीं। इस शो में उनके साथ नवजोत सिंह सिद्धू और लोकप्रिय गायक शान भी जजिंग पैनल का हिस्सा थे, जबकि कॉमेडियन हर्ष लिम्बाचिया ने इसे होस्ट किया था। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'स्पाइडर-मैन' और बड़ी हिंदी फिल्मों के बीच फंसी राजकुमार राव की फिल्म, मेकर्स ने पोस्टपोन की 'प्रहार'