रणबीर कपूर की 'रामायणम्' का ट्रेलर हुआ पोस्टपोन, नमित मल्होत्रा ने बताई खास वजह
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही महत्वाकांक्षी महागाथा 'रामायणम्' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक भव्य इवेंट में चुनिंदा मीडिया और फैंस को इस फिल्म का 4 मिनट का खास ट्रेलर दिखाया गया था। इसके बाद से ही आम जनता के बीच इस ट्रेलर को देखने की उत्सुकता सातवें आसमान पर थी।
'रामायणम्' के बहुप्रतीक्षित ट्रेलर को 24 जुलाई की सुबह जारी किया जाना था। लेकिन ट्रेलर रिलीज से ठीक कुछ घंटे पहले फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने एक बहुत बड़ा और सकारात्मक अपडेट शेयर करते हुए ट्रेलर की रिलीज को आगे बढ़ाने की घोषणा कर दी।
दरअसल, सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के मंच पर फिल्म की स्टार कास्ट और मेकर्स की मौजूदगी के बीच एक ऐतिहासिक डील पक्की हुई। नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी कि 'रामायण' को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट द्वारा डिस्ट्रीब्यूट किया जाएगा।
नमित मल्होत्रा ने कहा, आज हमारी 'रामायण' के लिए एक बेहद खास लम्हा है। 'रामायण' को पूरी दुनिया तक ले जाने का मेरा सपना अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हमारी पार्टनरशिप के जरिए सच हो रहा है। इसी बड़े बदलाव के कारण, अब हम अपनी फिल्म का ट्रेलर वैश्विक स्तर पर एक नई तारीख पर लॉन्च करेंगे।
100 साल के भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण
निर्माताओं का मानना है कि सोनी पिक्चर्स जैसे हॉलीवुड के दिग्गज स्टूडियो के साथ हाथ मिलाने से भारतीय सिनेमा का कद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा होगा। इस डील के बाद 'रामायणम्' को दुनिया भर में किसी भी बड़ी वैश्विक हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म की तरह ही भव्य रूप से सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा।
San Diego Comic Con में स्टार्स ने बिखेरा जलवा
ट्रेलर टलने से पहले, गुरुवार को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में 'रामायण' की टीम ने एक खास पैनल में हिस्सा लिया। इस ऐतिहासिक इवेंट में फिल्म के मुख्य कलाकार रणबीर कपूर, कन्नड़ सुपरस्टार यश, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा एक साथ मंच पर नजर आए। मेकर्स का विजन और फिल्म का स्केल देखकर विदेशी मीडिया भी काफी प्रभावित नजर आया।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित यह पौराणिक फिल्म दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म की स्टार कास्ट बेहद विशाल और प्रभावशाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश लंकापति रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखेंगे
फिल्म का पहला भाग इसी साल नवंबर (दिवाली) के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अंतरराष्ट्रीय डिस्ट्रीब्यूशन का रास्ता साफ होने के बाद अब बहुत जल्द फिल्म की नई ट्रेलर रिलीज डेट की घोषणा की जाएगी।

