इब्राहिम अली खान भी उतरे छात्रों के समर्थन में, बोले- शिक्षा के लिए डर का माहौल सही नहीं
देशभर में नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक, छात्र लगातार अपने भविष्य को लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं। इस राष्ट्रव्यापी छात्र आंदोलन को जहां एक तरफ आम जनता और कई सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियों ने भी छात्रों के लिए अपनी आवाज उठाई है।
अब इस कड़ी में पटौदी नवाब और बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान का नाम भी जुड़ गया है। इब्राहिम अली खान ने अपने सोशल मीडिया के जरिए इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है।
इब्राहिम अली खान ने अपने पोस्ट में इस बात पर दुख जताया कि देश के होनहार छात्र और उनके परिवार इस समय मानसिक तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना हर छात्र का मौलिक अधिकार है और इसके लिए किसी को भी डर या चिंता के साये में नहीं रहना चाहिए।
इब्राहिम अली खान ने लिखा, छात्रों और उनके परिवारों को इस तरह की अशांति और संकट में फंसा हुआ देखना बेहद दुखद है। किसी को भी अपनी शिक्षा हासिल करने के दौरान डर या अनिश्चितता का सामना नहीं करना चाहिए। हमारी व्यक्तिगत राय चाहे जो भी हो, मुझे उम्मीद है कि सभी सुरक्षित रहेंगे, लोगों की बात शांति से सुनी जाएगी और स्थिति बिना किसी और नुकसान के सुलझ जाएगी। प्रभावित सभी लोगों के लिए हिम्मत की कामना करता हूं और आगे बढ़ने के लिए एक रचनात्मक रास्ते की उम्मीद करता हूं। जय हिंद।
बॉलीवुड से लगातार मिल रहा है समर्थन
नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं के सामने आने के बाद से ही मनोरंजन जगत के कई सितारों ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया है। इब्राहिम अली खान से पहले भी कई अभिनेताओं, गायकों और प्रभावशाली हस्तियों ने छात्रों के हित में अपनी आवाज उठाई है।

