1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sunny deol talks about playing lord hanuman in ramayana pratham sankalp event

'रामायणम्' में हनुमान बनेंगे सनी देओल, बोले- भगवान का आशीर्वाद है यह किरदार

Ramayana
भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे भव्य और महत्वाकांक्षी फिल्म कही जा रही 'रामायणम्' को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। हाल ही में निर्देशक नितेश तिवारी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट की पहली झलक नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य 'प्रथम संकल्प' इवेंट में पेश की गई। 
 
इस खास मौके पर फिल्म में भगवान हनुमान का बेहद अहम किरदार निभा रहे दिग्गज अभिनेता सनी देओल भी ब्लैक आउटफ़िट और क्लीन-शेव लुक में पहुंचे और उन्होंने इस रोल को लेकर अपने अनुभव साझा किए। हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म 'इक्का' में नजर आए सनी देओल ने माना कि पर्दे पर बजरंगबली के चरित्र को जीवंत करना कोई साधारण काम नहीं है।  
हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं
इवेंट के दौरान मीडिया और प्रशंसकों से बात करते हुए सनी देओल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, सच बताऊं तो मैंने अभी इस फिल्म पर बहुत थोड़ा सा ही काम शुरू किया है। मुझे अभी एक लंबा सफर तय करना है। सनी ने इसे भगवान का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि वह इस बात के लिए खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें हनुमान जी का किरदार निभाने का अवसर मिला।  
 
बजरंगबली के किरदार की बारीकियों पर बात करते हुए अभिनेता ने कहा, हनुमान जी सिर्फ असीम शक्ति के प्रतीक नहीं हैं। उनके चरित्र में एक अद्भुत मासूमियत, नटखटपन, गहरी भक्ति और अपार बल का संतुलन है। यही बात उन्हें बेहद खास और इस किरदार को स्क्रीन पर निभाना बेहद चुनौतीपूर्ण बनाती है।
 
ग्लोबल मंच पर गूंजेगा 'रामायण' का डंका
दिल्ली में 'प्रथम संकल्प' के जरिए अपनी पहली छाप छोड़ने के बाद अब यह फिल्म ग्लोबल स्तर पर इतिहास रचने के लिए तैयार है। 23 जुलाई को कैलिफोर्निया के सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (SDCC) में 'रामायणम्' को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। 'कल्कि 2898 एडी' के बाद यह भारत की दूसरी ऐसी फिल्म होगी जिसे इस विश्व प्रसिद्ध पॉप-कल्चर इवेंट में जगह मिली है।
इस फिल्म का कैनवास कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इसकी स्टार कास्ट से लगाया जा सकता है। फिल्म में भारतीय सिनेमा के कई बड़े दिग्गज एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश लंकेश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखेंगे। 
 
'रामायणम्' को लगभग 4,000 करोड़ रुपए के महा-बजट के साथ तैयार किया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनाता है। नितेश तिवारी इस महागाथा को दो भागों में रिलीज करेंगे। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के पावन अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि इसका दूसरा और अंतिम भाग साल 2027 में रिलीज किया जाएगा। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
सलमान खान ने अपनी सेहत की अफवाहों पर लगाया विराम, पोस्ट शेयर कर पूछा- 'आप लोगों की तबीयत कैसी है?'