केदारनाथ में पूजा करने पर सारा अली खान के खिलाफ फतवा, मौलाना बोले- अल्लाह से मांगें माफी
बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर अपनी धार्मिक यात्रा और आस्था को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। उत्तराखंड स्थित पवित्र केदारनाथ धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद उनके खिलाफ एक ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के धर्मगुरु ने फतवा जारी कर दिया है।
इस फतवे में सारा अली खान के मंदिर जाने और हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करने को शरीयत के खिलाफ बताते हुए उनसे अल्लाह से तौबा (माफी) मांगने की ताकीद की गई है।
मौलाना का दावा: शरीयत में दूसरे धर्म के अनुष्ठान 'नाजायज'
बरेली स्थित ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इस्लामिक धर्मगुरु मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि इस्लाम में किसी भी मुस्लिम पुरुष या महिला के लिए किसी दूसरे धर्म के उपासना स्थल पर जाकर पूजा-अर्चना करना सख्त मना है।
मौलाना रजवी के अनुसार, कई मुस्लिम युवाओं ने मुझसे सवाल किया था कि क्या शरीयत के तहत कोई मुस्लिम मंदिर जाकर पूजा कर सकता है? मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि इस्लाम और शरीयत के नियमों के मुताबिक किसी अन्य धर्म के अनुष्ठानों में भाग लेना या मंदिर जाकर मन्नतें मांगना 'नाजायज' और 'हराम' है।" उन्होंने कहा कि अगर सारा अली खान ने अपनी स्वेच्छा से केदारनाथ धाम और भुकुंट भैरव मंदिर में पूजा और आरती की है, तो उन्होंने गुनाह किया है और उन्हें अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए।
केदारनाथ से सारा का गहरा और भावनात्मक नाता
यह कोई पहला मौका नहीं है जब सारा अली खान केदारनाथ पहुंची हों। साल 2018 में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ अपनी पहली फिल्म 'केदारनाथ' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली सारा अक्सर इस धाम की यात्रा करती रहती हैं। पिछले चार वर्षों में उन्होंने बार-बार केदारनाथ पहुंचकर माथे पर तिलक लगाए और पूजा-अर्चना करते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
अभिनेत्री ने कई मौकों पर कहा है कि उनके लिए भारतीय होना सबसे बड़ी पहचान है और वे सभी धर्मों और त्योहारों का दिल से सम्मान करती हैं। हालांकि, कट्टरपंथी संगठनों द्वारा उनकी बहु-धार्मिक सोच को पहले भी कई बार निशाना बनाया जा चुका है।

