1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hanuman ansh sequel work started neem karoli baba story vishal chaturvedi

'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने निभाया वादा, फिल्म के सीक्वल पर शुरू किया काम

Hanuman Ansh Box Office Collection
बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता हासिल करने वाली फिल्म 'हनुमान अंश' अब अपने अगले अध्याय की ओर बढ़ रही है। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस आध्यात्मिक फिल्म ने शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत भले ही की थी, लेकिन सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ के दम पर फिल्म ने ऐसा उछाल लिया कि ट्रेड और इंडस्ट्री दोनों हैरान रह गए। 
 
फिलहाल अब तक फिल्म लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है और इसकी कमाई का सिलसिला जारी है। हालांकि फिल्म की सफलता के बीच दर्शकों का ध्यान अब इसके क्लाइमैक्स की ओर ज़्यादा है, जहां मेकर्स ने साफ संकेत दिया है कि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। फिल्म के अंत में दिखाई गई स्लेट में उल्लेख किया गया है कि नीम करौली बाबा की यात्रा और उनके जीवन की कहानी आगे भी जारी रहेगी। 
 
ऐसे में दर्शकों के बीच सीक्वल को लेकर बढ़ी उत्सुकता, आनंद में बदल चुकी है क्योंकि वादे के मुताबिक़ फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इसके सीक्वल पर काम शुरू कर दिया है। आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से मुलाकात के दौरान यह बात खुद 'हनुमान अंश' के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने कही कि फिल्म के दूसरे भाग पर काम शुरू हो चुका है। 
 
मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह भी बताया कि आगामी फिल्म में नीम करौली बाबा के जीवन के उन महत्वपूर्ण अध्यायों को दिखाया जाएगा, जो उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से जुड़े हैं। इसके बाद कहानी आगरा, मथुरा और अन्य स्थानों में उनके जीवन और आध्यात्मिक यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत करेगी। हालांकि इस बातचीत के दौरान फिल्म में 'हनुमान अंश' नीम करौली बाबा का मुख्य किरदार निभानेवाले अभिनेता शोभिनॉव सत्य भी उनके साथ मौजूद थे।
 
दिलचस्प बात यह है कि 20 फरवरी 2026 को 'हनुमान अंश' की घोषणा करते समय ही निर्माताओं ने इसे एक तिकड़ी के रूप में पेश किया था, जिससे यह बात साबित हो चुकी है कि कहानी अभी काफी बाक़ी है। गौरतलब है कि यह पूरी श्रृंखला विशाल चतुर्वेदी की पुस्तक ‘डिवाइन डिटूर’ से प्रेरित है। ऐसे में फिल्म के सीक्वल की आधिकारिक तैयारी शुरू होने की खबर ने प्रशंसकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। 
 
इसी के साथ अब जब 'हनुमान अंश' 50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है, तो इसकी अप्रत्याशित थिएट्रिकल सफलता ने इस फ्रेंचाइज़ी को नई ऊर्जा दे दी है। ऐसे में विशाल चतुर्वेदी द्वारा दूसरे अध्याय पर काम शुरू किए जाने के साथ दर्शक नीम करौली बाबा के जीवन के एक और महत्वपूर्ण दौर को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर सकते हैं।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
अक्षय कुमार के साथ 'समुक' में नजर आ सकती हैं यह बंगाली अदाकारा, मेकर्स से चल रही खास रोल पर बातचीत