'पद्मावत' के 'जौहर' सीन पर स्वरा भास्कर के बयान पर बवाल, एक्ट्रेस ने वीडियो जारी कर दी सफाई
बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपने बेबाक बयानों की वजह से अक्सर विवादों में घिरी रहती हैं। हाल ही में संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म 'पद्मावत' के क्लाइमेक्स और उसमें दिखाए गए 'जौहर' के सीन पर दिए गए स्वरा के बयान पर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
कई यूज़र्स ने आरोप लगाया कि स्वरा ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली दूसरी महिलाओं को 'कायर' कहा है। यह पूरा विवाद दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ। कार्यक्रम में स्वरा ने फिल्म के उस सीन पर अपनी बात रखी, जिसमें लगभग 800 महिलाएं जौहर चुनती हैं।
स्वरा ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा था कि एक बलात्कार पीड़िता की सोच के नजरिए से देखने पर यह सीन यह संदेश देता नजर आता है कि इज्जत बचाने के लिए जान देना ही एकमात्र रास्ता है। स्वरा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना होने लगी।
स्वरा भास्कर ने वीडियो जारी कर दी सफाई
विवाद बढ़ता देख स्वरा भास्कर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर पूरी स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि उनके अंग्रेजी में दिए गए बयान का सरासर गलत अनुवाद करके भ्रामक दावे फैलाए जा रहे हैं। उनके बयान को तोड़-मरोड़कर एक झूठी कहानी के तौर पर फैलाया जा रहा है।
स्वरा भास्कर ने कहा, मैंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कभी कायर नहीं कहा। भाषा समझ न आए तो पूछ लेना चाहिए या चेक कर लेना चाहिए। झूठी खबरें फैलाकर लोगों को भड़काना बंद करें। अगर मुझे गाली देनी है तो कम से कम मेरे वास्तविक बयान के आधार पर दें।
अपनी सफाई देते हुए स्वरा ने कहा कि 'पद्मावत' का क्लाइमेक्स देखते हुए उन्हें लगा 'भगवान न करे अगर मैं दुष्कर्म पीड़िता होती, तो मुझे डरपोक जैसा महसूस होता कि मैंने खुद को नहीं मारा।' उन्होंने बताया कि उन्होंने यह बात इस बात के संदर्भ में कही थी कि दुष्कर्म समाज में एक 'महामारी' बन गया है।
स्वरा ने पद्मावत के संदर्भ में सवाल किया- क्या हमें ऐसी फिल्म बनानी चाहिए, जहां हमें यह संदेश जा रहा है कि एक औरत की शारीरिक पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा मूल्यवान है? स्वरा ने आगे पूछा- क्या हमें रेप सर्वाइवर्स को यह संदेश देना चाहिए कि तुम्हारी जान ही चली जाती तो बेहतर था? अगर तुम जिंदा बच गईं, तो यह बुरी बात है?
स्वरा ने सवाल किया कि आखिर क्या किसी महिला की जिंदगी उसके साथ रेप होने के बाद खत्म हो जाती है? उन्होंने निर्भया का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने आखिरी सांस तक छह लोगों से लड़ाई लड़ी थी। स्वरा ने कहा कि महिलाओं की जीने की इच्छा को कभी कम करके नहीं आंकना चाहिए।
स्वरा भास्कर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, मेरे वीडियो की एक क्लिप वायरल हो गई है और उसका गलत और झूठा अनुवाद किया जा रहा है। मैंने कभी नहीं कहा कि रानी पद्मावती या सती करने वाली कोई भी महिला कायर थी। यह शर्मनाक है कि मीडिया चैनल और लोग बार-बार झूठे आरोप लगा रहे हैं और लोगों को भड़का रहे हैं। महिलाओं को रेप के बाद भी जीने का अधिकार है।

