क्या 'धुरंधर 2' में पगड़ी पहन रणवीर सिंह ने पी सिगरेट? वायरल तस्वीर पर आदित्य धर ने तोड़ी चुप्पी
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। फिल्म कई रिकॉर्ड भी तोड़ चुपी है। 'धुरंधर 2' की सक्सेस के बीच फिल्म को लेकर कई अफवाहें भी फैलाई जा रही है। हाल ही में 'धुरंधर 2' के लीड एक्टर रणवीर सिंह की एक तस्वीर ने विवाद खड़ा कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर में रणवीर सिंह को सिख पगड़ी और कड़ा पहने सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है, जिस पर सिख समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई थी। अब निर्देशक आदित्य धर ने इस पर अपनी आधिकारिक सफाई पेश की है।
बढ़ते विरोध और मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई शिकायत के बाद, आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल हो रही तस्वीर पूरी तरह से मनगढ़ंत है। कुछ सीन्स के साथ एआई के जरिए छेड़छाड़ कर वायरल किया जा रहा है।
आदित्य धर ने लिखा, यह मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ शरारती तत्व आधिकारिक प्रमोशनल मटेरियल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए मॉर्फ करके गलत नैरेटिव फैला रहे हैं। हमजा/जसकीरत के किरदार को पगड़ी पहनकर धूम्रपान करते हुए दिखाना पूरी तरह से झूठ है। यह न तो हमारी फिल्म का हिस्सा है और न ही हमने ऐसा कोई आधिकारिक पोस्टर जारी किया है।
उन्होंने आगे कहा, मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं सिख समुदाय का बहुत सम्मान करता हूं और फिल्म में हर चीज जो भी दिखाई गई है, उसे बहुत ही संवेदनशीलता, गरिमा और जिम्मेदारी के साथ प्रेजेंट किया गया है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या हेरफेर किए गए कंटेंट के जरिए इसके उलट कुछ भी कहना बहुत ही गलत और बेईमानी है। मैं दर्शकों से आग्रह करता हूं कि वो ऑफिशियल कंटेंट पर भरोसा करें और AI द्वारा फैलाई जा रही गलत चीजों के झांसे में न आएं। ऐसी हरकतों से सख्ती से निपटा जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
विवाद तब शुरू हुआ जब 'सिख्स इन महाराष्ट्र' नामक समूह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि फिल्म के एक कथित पोस्टर में रणवीर सिंह, जो जसकीरत सिंह रंगी नाम के एक सिख जासूस का किरदार निभा रहे हैं, को पवित्र प्रतीकों के साथ सिगरेट पीते दिखाया गया है। समुदाय का कहना था कि यह सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। हालांकि, धर के स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया है कि यह तस्वीर 'डीपफेक' तकनीक का नतीजा थी।
'धुरंधर 2' साल 2025 की सबसे बड़ी हिट 'धुरंधर' का सीक्वल है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय रॉ एजेंट की भूमिका में हैं, जो पाकिस्तान में घुसपैठ करता है। रणवीर सिंह के साथ फिल्म में संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें