आमिर खान की तीसरी शादी पर बढ़ा विवाद: मौलाना ने जारी किया फतवा, बोले- गैर-मुस्लिम महिला से शादी शरीयत के खिलाफ
बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान तीसरी शादी के बाद से ही विवादों में घिरे हुए हैं। गौरी स्प्रैट के साथ हाल ही में शादी के बंधन में बंधे आमिर खान कानूनी रूप से तो एक हो चुके हैं, लेकिन मजहबी गलियारों में इसे लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के एक शाही चीफ मुफ्ती मौलाना इफराहिम हुसैन ने इस शादी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए एक फतवा जारी किया है, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर समाज के विभिन्न हिस्सों में बहस छिड़ गई है। मौलाना ने कहा कि इस्लाम में गैर-मुस्लिम महिला से शादी करना जायज नहीं माना जाता और ऐसा करने वाला शख्स शरीयत के अनुसार गुनहगार होगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) की रिपोर्ट के मुताबिक, मौलाना ने कहा कि मुस्लिम मर्द के लिए, ईमान वालों के लिए, गैर-मुस्लिम से शादी करना हराम है। इस तरह के फैसले इस्लाम और शरीयत की शिक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे कदमों से इस्लाम के नाम को नुकसान पहुंचाता है और समाज में गलत संदेश जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने शादियों की संख्या और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर भी सवाल उठाए। मौलाना ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपनी पिछली शादियों की जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाने में असमर्थ है, तो उसे अगली शादी नहीं करनी चाहिए। आमिर खान का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि समाज में इस तीसरी शादी को लेकर विरोध देखा जा रहा है और मजहबी तौर पर इसे गुनाह माना जाएगा।
आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई 2026 को एक बेहद निजी समारोह में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज की है। इससे पहले आमिर खान ने पहली शादी रीना दत्ता से की थी, जिससे उनके दो बच्चे हैं— जुनैद खान और इरा खान। साल 2002 में आपसी सहमति से दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद साल 2005 में आमिर ने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। साल 2021 में इस कपल ने अलग होने का फैसला किया।

