'सैक्रेड गेम्स' की कुकू से 'संकल्प' की डीसीपी तक, कुब्रा सैत के यादगार किरदार
ओटीटी की दमदार कलाकार कुब्रा सैत ने हमेशा ऐसे किरदार चुने हैं जो गहराई, प्रभाव और यादगार अभिनय की मिसाल बन गए। 'सैक्रेड गेम्स' की कुकू से लेकर 'संकल्प' की डीसीपी परवीन शेख तक, कुब्रा ने हर भूमिका में अपनी अलग पहचान बनाई है।
चाहे संवेदनशील किरदार हो, एक आत्मविश्वासी प्रोफेशनल या फिर निडर पुलिस अधिकारी, कुब्रा सैत ने हर भूमिका को अपने शानदार अभिनय से जीवंत किया है। फिलहाल आइए जानते हैं उनके ऐसे पांच किरदार, जिन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
कुकू – सैक्रेड गेम्स
कुब्रा सैत के करियर की बात हो और 'सैक्रेड गेम्स' की कुकू का ज़िक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। कुब्रा सैत द्वारा निभाए गए इस रहस्यमयी और भावनात्मक रूप से जटिल किरदार ने भारतीय ओटीटी इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाई। सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद कुकू सीरीज़ के सबसे यादगार किरदारों में शामिल रही और इसी भूमिका ने कुब्रा को एक प्रतिभाशाली अभिनेत्री के रूप में नई पहचान दिलाई।
सायरा – फ़र्ज़ी
राज एंड डीके की क्राइम थ्रिलर 'फ़र्ज़ी' में कुब्रा ने सायरा का किरदार निभाया, जो अपराध सरगना मंसूर दलाल (के. के. मेनन) की भरोसेमंद सहयोगी और हैंडलर है। दमदार कलाकारों से सजी इस सीरीज़ में कुब्रा ने अपने आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिनय से किरदार को खास बना दिया। इस भूमिका ने एक बार फिर साबित किया कि वह हाई-इंटेंसिटी ड्रामा में भी अपनी अलग छाप छोड़ना जानती हैं।
सना शेख – द ट्रायल
'द ट्रायल' में कुब्रा सैत ने सना शेख का किरदार निभाया, जो एक मजबूत, आत्मविश्वासी और वफादार लॉ फर्म कंसल्टेंट है। वह नयोनिका सेनगुप्ता (काजोल) की सहकर्मी और भरोसेमंद साथी के रूप में नज़र आती हैं। कानूनी और निजी संघर्षों की पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज़ में कुब्रा का संतुलित और सहज अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया।
डीसीपी परवीन शेख – संकल्प
प्रकाश झा की सामाजिक-राजनीतिक ड्रामा सीरीज़ 'संकल्प' में कुब्रा ने डीसीपी परवीन शेख की भूमिका निभाई। एक निडर, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में उन्होंने सत्ता, राजनीति और विश्वासघात के बीच अपने किरदार को कुब्रा ने जिस प्रभावशाली ढंग से निभाया, वो काबिले तारीफ़ है। दिलचस्प बात यह है कि मुख्य किरदार न होने के बावजूद परवीन शेख कहानी की सबसे असरदार भूमिकाओं में से एक बनकर उभरी और कुब्रा के संयमित लेकिन दमदार अभिनय की खूब सराहना हुई।
मेहर सलाम – इलीगल: जस्टिस आउट ऑफ़ ऑर्डर
लीगल ड्रामा 'इलीगल: जस्टिस आउट ऑफ़ ऑर्डर' में कुब्रा सैत ने मेहर सलाम का किरदार निभाया था, जो अपने ही परिवार की हत्या के आरोप में मौत की सज़ा का सामना कर रही कैदी रहती है। कोर्टरूम ड्रामा, नैतिक दुविधाओं और जटिल मानवीय रिश्तों के बीच उनका किरदार कहानी में गंभीरता और भावनात्मक गहराई जोड़ता है। इस भूमिका ने एक बार फिर उनकी अभिनय क्षमता और बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाया था।
हालांकि कुब्रा सैत ने अपने हर किरदार के साथ यह साबित किया है कि प्रभाव छोड़ने के लिए लंबे स्क्रीन टाइम की नहीं, बल्कि सशक्त अभिनय की जरूरत होती है। यही वजह है कि उनके निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों के दिलो-दिमाग में ताज़ा हैं।

