पंकज त्रिपाठी की 'Ohh My Dog' की रिलीज डेट टली, अब इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
बॉलीवुड के मंजे हुए अभिनेता पंकज त्रिपाठी की आगामी फैमिली ड्रामा फिल्म 'ओह माय डॉग' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले यह फिल्म 31 जुलाई को बड़े पर्दे पर आने वाली थी, लेकिन रिलीज़ के कुछ ही दिन पहले मेकर्स ने इसकी तारीख को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक बयान जारी कर रिलीज़ टलने की जानकारी दी। इसके साथ ही मुंबई में आयोजित होने वाले प्रेस शो को भी फिलहाल रद्द कर दिया गया है। फिल्म निर्माताओं द्वारा जारी बयान के अनुसार, 'Ohh My Dog' अब 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी।
मेकर्स ने अपने बयान में कहा, फिल्म 'Ohh My Dog' की रिलीज डेट को आगे बढ़ाकर 7 अगस्त कर दिया गया है। आज होने वाला प्रेस शो रद्द किया जाता है और इसे अगली तारीख के लिए रीशेड्यूल किया जाएगा। हम इस असुविधा के लिए दिल से माफी मांगते हैं और अगले हफ्ते प्रेस स्क्रीन पर आपका स्वागत करने की उम्मीद करते हैं।
हालांकि, मेकर्स की तरफ से रिलीज़ डेट आगे बढ़ाने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक बेहतर थियेटर स्क्रीन्स और डिस्ट्रीब्यूशन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म से होगी टक्कर
7 अगस्त को रिलीज़ होने के साथ ही 'Ohh My Dog' का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी फिल्म 'आर्यभट्ट का ज़ीरो' से होगा। इस फिल्म में हिमांश कोहली, सोनाली सहगल, रवि किशन और शिल्पा शिंदे मुख्य भूमिकाओं में हैं। ऐसे में दर्शकों को अगस्त के पहले हफ्ते में एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है।
क्या है फिल्म 'Ohh My Dog' की कहानी?
'ओह माय डॉग' एक भावनात्मक और संदेश देने वाली स्लाइस-ऑफ-लाइफ ड्रामा है। फिल्म के ट्रेलर से साफ होता है कि यह कहानी एक छोटे बच्चे और एक कुत्ते के बीच के अटूट रिश्ते पर आधारित है। कहानी में अचानक एक इलाके से कई कुत्तों के गायब होने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे एक बड़े डॉग-ट्रैफिकिंग का पर्दाफाश होता है। इस मामले को सुलझाने और रैकेट को बेनकाब करने में एक साहसी डॉग और बच्चों की गैंग अहम भूमिका निभाती है।

