'कोई मेरे आकाश को लौटा दे'
|
दस अगस्त को स्कूल जाते समय आकाश को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। बिहार में अकसर अपहरणकर्ता रईस लोगों को निशाना बनाते हैं, लेकिन अब तक यह नहीं पता चल पाया कि एक मध्यमवर्गीय परिवार के बेटे आकाश का अपहरण क्यों किया गया।
आकाश के पिता योगेंद्र पांडे को अपने मोबाइल पर आया एक फोन याद है कि उनके बेटे को कुछ लोगों ने उठा लिया है और उसकी साइकिल और स्कूल बैग सड़क पर पड़े हैं। उसके बाद से फिरौती की कोई माँग नहीं आई है और आकाश के परिवार को कोई अंदाजा नहीं है कि उनके बच्चे को क्यों ले जाया गया।
पांडे परिवार अपने बेटे की सलामती के लिए 30 से ज्यादा धार्मिक स्थलों पर जाकर प्रार्थना कर चुका है। वे ज्योतिषियों, जादू-टोना जानने वालों और तांत्रिकों के पास जा चुके हैं।
आँसू सूख गए हैं : वे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दो बार मिले और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपने बेटे को वापस लाने की गुहार कर चुके हैं। पचास हजार रुपए से ज्यादा की रकम खर्च करने के बावजूद परिवार की कोशिशें रंग नहीं लाई हैं और वह पूरी तरह टूट चुका है।
|
मेरे आँसू सूख गए हैं। मैं पूरी तरह टूट चुका हूँ। मुझे समझ में नहीं आता कहाँ जाऊँ, किसका दरवाजा खटखटाऊँ। उनकी पत्नी अंजू और बेटियाँ आकांक्षा और अंकिता अपने आँसू नहीं रोक पातीं।
अंजू कहती हैं एक-एक सेकंड घंटे की तरह लगता है। हम सिवाय रोने और प्रार्थना करने के कुछ कर भी तो नहीं सकते। काश अपहरणकर्ता मुझे मेरा बेटा लौटा दें। वे जिससे मिलती हैं यही कहती हैं कि अगर वह आपको कहीं नजर आए तो कहिएगा कि मैंने उसकी पसंद का खाना बनाया है।
आकाश की बहनों ने इस घटना के बाद स्कूल जाना बंद कर दिया है। आकांक्षा कहती है कि जब हमारा भाई लौटेगा तो हम साथ ही पढ़ाई शुरू करेंगे। पांडे परिवार का पूरा जीवन अब टेलीफोन और अखबारों के इर्द-गिर्द घूमता है कि शायद आकाश की कोई खबर मिल जाए।
योगेंद्र पांडे को यह समझ में नहीं आता कि उनकी जैसी कम आय वाले सरकारी कर्मचारी के बेटे का क्यों अपहरण कर लिया गया। वे कहते हैं कि मैं तो फिरौती में दस हजार रुपए भी नहीं दे सकता। उसे जरूर किसी और के धोखे में उठा लिया गया है।
पुलिस ने लगता है इस मामले से हाथ झाड़ लिया है। बिहार के पुलिस प्रमुख आशीष रंजन झा का कहना है कि हमें इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला है।
बिहार को भारत की अपहरण राजधानी कहा जाता है। एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार इस साल पटना में ही अब तक 15 स्कूली बच्चों का अपहरण हो चुका है। उच्च न्यायालय में पेश की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पिछले छह महीने में 2217 लोगों का अपहरण हुआ है।
पांडे परिवार कब तक आकाश के आने की आस लगाए रखेगा? योगेंद्र पांडे कहते हैं कि हम आशा नहीं छोड़ेंगे। आँसू बहाते रहेंगे और प्रार्थना करते रहेंगे। किसी मृत बंधक की तो कोई कीमत नहीं है। तो वह जरूर जीवित होगा।

