शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. व्रत-त्योहार
  3. बैसाखी
  4. Baisakhi Recipes
Written By

Baisakhi Recipes 2023: इन व्यंजनों के बिना अधूरा है बैसाखी पर्व, अभी नोट करें रेसिपी

Baisakhi Recipes 2023: इन व्यंजनों के बिना अधूरा है बैसाखी पर्व, अभी नोट करें रेसिपी - Baisakhi Recipes
Baisakhi Festival Recipes 
 
बैसाखी पर्व की स्वादिष्ट रेसिपीज यहां जानें-  
 
आटे की पिन्नी : Atte Ki Pinni
 
सामग्री : 500 ग्राम गेहूं का आटा, 300 ग्राम घी, 400 ग्राम बारीक किया हुआ गुड़, एक चम्मच इलायची पावडर, एक कप मेवे की कतरन। 
 
विधि : सबसे पहले मोटे तले की कड़ाही में घी गरम करके आटा भून लें। अब गुड़ का चूरा कर आटे में मिला लें। मध्यम आंच पर दस मिनट तक पकाएं और थोड़ी-थोड़ी देर पर चलाती रहें। तत्पश्चात इलायची और मेवे की कतरन मिला लें। मिश्रण ठंडा होने पर हाथ पर थोड़ा-सा घी लगाकर इनके लड्डू बांध लें। बैसाखी के त्योहार पर खास तौर पर बनाई गई आटे की पिन्नी का लुफ्त उठाएं। 
 
*****
 
स्वादिष्ट येलो राइस : Yellow rice recipe
 
सामग्री : 1 कटोरी बासमती चावल, डेढ़ कटोरी शकर, 5-7 केसर के लच्छे, आधा चम्मच इलायची पावडर, थोड़ी-सी दालचीनी, मीठा पीला रंग चुटकी भर या आधा चम्मच हल्दी, 15-20 किशमिश (गुनगुने पानी में भीगे हुए), 1 चम्मच घी, 2-3 लौंग, मेवे की कतरन (पाव कटोरी)।
 
विधि : बैसाखी पर्व के दिन 'पीले चावल' बनाने का बड़ा महत्व है। बैसाखी के त्योहार पर बनने वाले पीले चावल को हम मीठे चावल और केसरिया चावल के नाम से भी जानते हैं। इसमें चावल, इलायची, चीनी, केसर, दालचीनी, लौंग और सूखे मेवों का उपयोग किया जाता है। आइए जानें कैसे बनाएं-
 
चावल बनाने के पूर्व 1 घंटे तक गलाकर रखें। अब एक बड़े मर्तबान में पानी उबाल लें। उसमें हल्दी डालें और चावल पकाकर थाली में ठंडा होने के लिए रख दें। दूसरी ओर एक से डेढ़ तार की चाशनी तैयार कर लें। उसमें पके चावल डालकर कुछ देर चलाएं।
 
अब इलायची एवं मीठा रंग मिलाएं। एक पैन या कड़छी में अलग से घी गर्म करके उसमें लौंग डालें और ऊपर से चावल पर बुरकाएं, साथ ही मेवे की कतरन और भीगे हुए किशमिश भी डालें और मिलाकर ठंडा या गर्म जैसे चाहे लाजवाब येलो राइस पेश करें।

*****

मक्के की रोटी और सरसों का साग : Makke ki roti, sarso ka saag
 
सामग्री (सरसों साग) : 500 ग्राम सरसों की भाजी, 100 ग्राम पालक, 50 ग्राम बथुआ, 1 टुकड़ा अदरक, 4-6 लहसुन की कली, स्वादानुसार नमक, 1 बड़ा चम्मच मक्खन, 2-3 हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच मक्का आटा।
 
बघार सामग्री: 2 बड़े चम्मच देसी घी, 1 छोटा चम्मच जीरा, हींग चुटकी भर, 1 बड़ा टमाटर और 1 प्याज की तैयार प्यूरी, लाल मिर्च और नमक स्वादानुसार, परोसने के लिए अलग से घी।
 
सरसों साग बनाने की विधि : सबसे पहले तीनों भाजियों को अच्छी तरह साफ करके धोकर मोटा-मोटा काट लें। अब लहसुन, अदरक बारीक काट लें व कुकर में सारी चीजें डालकर पका लें। ठंडा होने पर मिक्सी में पीस लें। मक्का आटा में एक कप पानी मिलाकर भाजी के मिश्रण में मिक्स करके धीमी आंच पर कुछ देर तक पकाएं और ऊपर से इसमें मक्खन मिला दें। अब गरम घी में हींग-जीरा भूनकर टमाटर-प्याज की प्यूरी डालें और अच्छीतरह पकने दें। अब हल्दी व लाल मिर्च डालें। अच्छीतरह पक जाने पर तैयार छौंक को मक्के के साग में मिला दें। 
 
सामग्री (मक्का रोटी) : 500 ग्राम मक्का आटा, 1 कप चावल का मांड अथवा गुनगुना पानी (आवश्‍यकतानुसार), 1 बड़ा तेल मोयन के लिए, घी अथवा मक्खन, नमक स्वादानुसार।
 
कैसे बनाएं मक्का की रोटी : चावल के गरम मांड से मक्के का आटा गूंथ लें और रोटी बना कर तवे पर सेंक लें फिर गैस की आंच पर उलट-पलट कर सेंक कर गरमा-गरम मक्का की रोटी पर अच्छा घी लगाएं और गरम-गरम सरसों के साग के साथ पेश करें। 
*****
 
छाछ : Buttermilk 
 
सामग्री : 1 कप ताजा दही, 1 गिलास पानी, 1/2 चम्मच भूना और पिसा जीरा, नमक स्वादानुसार, थोड़ासा बारीक पिसा हुआ काला नमक, बारीक कटा हरा धनिया, कुछेक आइस क्यूब।
 
विधि : छाछ बनाने के लिए सबसे पहले दही को एक बर्तन में डालें। उसमें पानी मिक्स करें तथा मथनी से अच्छी तरह मथकर एकजैसा मिश्रण कर लें। 
 
अब इसमें सादा नमक, काला नमक, जीरा पाउडर डालकर मथें और कांच के गिलासों में भर कर आइस क्यूब डालें तथा हरा धनिया बुरका कर लाजवाब ठंड़ी छाछ सर्व करें। 
 
***** 
 
लाजवाब शाही लस्सी : Lassi Recipe
 
सामग्री : ताजा दही 500 ग्राम, 1 कप मलाईयुक्त दूध, 1/2 चम्मच इलायची पाउडर, 1/4 कटोरी मेवा कतरन, 5-6 केसर के लच्छे, शकर स्वादा‍नुसार, आइस क्यूब आवश्‍यकतानुसार। 
 
विधि : सबसे पहले दही और आइस क्यूब को मिक्सी में अच्छे से फेंट लें। अब केसर के लच्छों को दूध में कुछ देर तक भिगोकर रखें। तत्पश्चात दही में दूध और शकर मिला कर पुन: फेंट लें। केसर के लच्छे डालकर एक बार फिर से मिक्सी में चला लें। तत्पश्चात कांच के गिलासों में भर कर ऊपर से मेवा कतरन बुरकाएं और लाजवाब शाही चिल्ड लस्सी पेश करें। 
 
नोट : अगर आवश्यक लगे तो थोड़ा पानी एड कर सकते हैं।