शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. रेसिपी
  3. भारतीय व्यंजन
  4. kairi panna recipe
Written By

Raw Mango Juice: गर्मियों में पिएं 'कैरी का पना', जानिए इसके बेहतरीन फायदे

Raw Mango Juice: गर्मियों में पिएं 'कैरी का पना', जानिए इसके बेहतरीन फायदे - kairi panna recipe
kairi pana 
 
गर्मियों के मौसम में कच्चे आम का पना सर्वाधिक पसंद किया जाने वाला पारंपरिक भारतीय पेय हैं। यह स्वाद के लिहाज से बहुत ही स्वादिष्ट होता है। यह आपके शरीर को शीतलता व तरावट देता है और आपको गर्मी व लू से भी बचाता है। जब गर्मियां अपने चरम पर हों तब आप यह पना बनाकर पी सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और बहुत कम समय में बन भी जाता है। 
 
पुराने समय में जब खाना चूल्हे पर बनाया जाता था, तब लोग कच्चे आम को चूल्हे की राख में दबा कर भून लिया करते थे और फिर इन भूने हुए कच्चे आमों से आम का पना बनाते थे। आजकल हम कच्चे आम को उबाल कर पीस लेते हैं और फिर इससे आम का पना बना लेते हैं। लेकिन उबले हुए आमों को छील कर उनका गूदा निकालने की जगह कच्चे आमों को उबालने से पहले ही छील लेना ज्यादा सुविधाजनक होता है। आज हम आम का पना इसी तरीके से बनाएंगे।
 
तो आइए यहां हम जानते हैं आम का पना बनाने की सरल विधि और सेहत फायदों के बारे में-
 
सामग्री : 2-3 मीडियम आकार के या 250 ग्राम कैरी/ कच्चे आम, कुछेक ताजा पुदीना की पत्तियां, 150 ग्राम के करीब शकर या 1/2 से 3/4 कप (अपने स्वाद के अनुसार), 2 छोटे चम्मच भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर1/4 छोटी चम्मच, सादा नमक आवश्यकतानुसार, काला नमक स्वादानुसार। 
 
विधि : 
 
- इसके लिए सबसे पहले कच्चे आमों को धोकर उन्हें छील लीजिए। 
 
- फिर उनकी गुठलियों से गूदे को अलग करके एक-दो कप पानी में डालकर उबाल लीजिए। 
 
- अब मिक्सी में यह उबला हुआ गूदा, चीनी, काला नमक और पुदीने की पत्तियां डालकर अच्छी तरह से पीस लीजिए। 
 
- तत्पश्चात इसमें 1 लीटर ठंडा पानी मिला कर इसे छलनी में छान लीजिए। 
 
- लीजिए सेहत के लिए लाजवाब आम का पना तैयार है। 
 
- अब इसमें काली मिर्च व भूना हुआ जीरा पाउडर डालकर अच्छे से मिलाइए और गिलास में भरकर आइस क्यूब डालकर ठंडा-ठंडा परोसिए। 
 
- यदि आप चाहें तो इस आम के पने को पुदीने की पत्तियों से सजा कर भी परोस सकते हैं।
 
कैरी का पना पीने के महालाभ
 
1. गर्मी के दिनों में कैरी के पने का रोजाना इस्तेमाल पेट की समस्याओं से दूर रखेगा और पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में भी सहायक होगा। यह एक बढ़िया पाचक पेय है। 
 
2. टीबी, एनिमिया, हैजा जैसी बीमारियों के लिए भी यह टॉनिक की तरह काम करता है। साथ ही पसीने में शरीर से निकलने वाले सोडियम और जिंक का स्तर भी बनाए रखता है।
 
3. पेट की गर्मी को खत्म करने के साथ ही यह पाचक रसों के निर्माण में मदद करता है। 
 
4. विटामिन सी से भरपूर होने के कारण यह आपकी प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा करता है और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से आपकी रक्षा करता है। 
 
5. कैरी का पना गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाने में बेहद फायदेमंद है। यह जहां आपको लू की चपेट में आने से बचाता हैं वहीं शरीर में तरलता बनाए रखने में मददगार होता है। RK.