चालिया महोत्सव की धूम
ND
सिंधी समाज का झूलेलाल चालिया महोत्सव इन दिनों धूमधाम से मनाया जा रहा है। नौ दिनों के व्रत (नौरेजा) के बाद अब भक्तों की श्रद्धा और भी बढ़ गई है। मंगलवार को बारहवें दिन भी सिंधी समाज के लोगों ने शाम को मंदिरों में पहुँचकर विशेष पूजा-अर्चना की। वहीं मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तनों का आयोजन भी जारी है।
चालीस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के अंतर्गत भगवान झूलेलाल के मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। सिंधी समाज के वे लोग जो चालीस दिनों तक व्रत नहीं रख पाते, उन्होंने शुरू के नौ दिनों तक नौरेजा व्रत रखा। वहीं कुछ लोग आखिरी के नौ दिनों तक व्रत रखेंगे।
व्रत करने वाले लोग सुबह-शाम भगवान झूलेलाल के मंदिरों में कथा का श्रवण कर रहे हैं। मंदियों में प्रतिदिन शाम को 7 से 8 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। उसके बाद आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया जाता है। रात को इस आरती में सिंधी समाज के महिला-पुरुष के साथ बुजुर्ग और बच्चे भी भारी संख्या में पहुँचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर में जल रही अखंड ज्योति की भी विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। मंदिर में हर शुक्रवार को सुबह भगवान का अभिषेक किया जाता है।

