1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. एटमी करार पर भाजपा का रुख नरम

एटमी करार पर भाजपा का रुख नरम

मनमोहन ने पोखरण परीक्षण का विरोध किया था-आडवाणी

भाजपा
भारत-अमेरिकी परमाणु समझौते का कभी पुरजोर विरोध करने वाली प्रमुख विपक्षी भाजपा ने आज कहा कि राजग सत्ता में आने के बाद करार पर इस तथ्य को ध्यान में रखकर फैसला करेगी कि एक पूर्ववर्ती सरकार द्वारा किसी समझौते पर किए गए दस्तखत को आसानी ने नकारा नहीं जा सकता।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि मैंने इस तथ्य को संज्ञान में लिया है कि सरकार में एक निरंतरता होती है। एक पूववर्ती सरकार द्वारा किसी समझौते (परमाणु करार) को आसानी से खारिज नहीं किया जा सकता। इस तथ्य को दिमाग में रखा जाएगा और सरकार कोई निर्णय करेगी।

आडवाणी से जब यह पूछा गया कि क्या करार की समीक्षा का रास्ता खुला है, उन्होंने कहा कि इस समय मैं कुछ नहीं कहना चाहूँगा। इस पर कोई निर्णय लेना मैं सरकार पर छोड़ दूँगा।

भाजपा के विजन 'डॉक्यूमेंट ऑन इन्फ्रास्ट्रक्चर' को यहाँ जारी करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि सरकार में आने के बाद इस बात पर विचार किया जा सकता है कि भारत अमेरिका परमाणु करार को हम कैसे लेते हैं।

उन्होंने कहा कि राजग अमेरिका के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों को लेकर प्रतिबद्ध है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के साथ भारत के अच्छे और सौहार्दपूर्ण संबंध जारी रहेंगे।

पार्टी के दस्तावेज में कहा गया है कि राजग भारत की लंबी अवधि की ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जोरदार तरीके से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करेगा।

मनमोहनसिंह को कमजोर प्रधानमंत्री बताकर बार-बार कटाक्ष करने वाले आडवाणी ने सिंह के खिलाफ आज एक नया मोर्चा खोलते हुए कहा कि वाजपेयी सरकार ने जब पोरखण में परीक्षण किया तो मनमोहनसिंह ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर इस कदम को गैर बुद्धिमत्ता पूर्ण कदम बताकर कड़ी आलोचना की थी।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें