आईटी क्षेत्र में ढाँचागत बदलाव की जरूरत
22 आईटी कंपनियों के बीच हुआ सर्वे
आईटी कंपनियों ने भारत सरकार से बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। कंपनियों का कहना है इससे घरेलू मांग में बढ़ोतरी होगी। साथ ही कंपनियों ने मंदी के समय में सरकार से अतिरिक्त सहायता की भी मांग की है।एक आईटी पत्रिका द्वारा कराए गए सर्वे में अधिकांश आईटी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सरकार को घरेलू मांग बढ़ाने के लिए सभी सार्वजनिक क्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी का असरदार तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए।कंपनियों का मानना है कि नई सरकार के सामने सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य बेहतर अधोसंरचना है और सरकार को नागरिक सेवाएँ, सुरक्षा बढ़ाने और सरकार की आंतरिक कार्रवाइयों पर भी ध्यान देना चाहिए।भारत की प्रतिष्ठित और जानी मानी कंपनियों के बीच कराए गए इस सर्वेक्षण में यह बात भी सामने आई कि स्थानीय निर्माताओं और कानून को सायबर अपराध और सायबर आतंकवाद से निपटने के लिए मजबूत बनाया जाना चाहिए।इस सर्वे में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की 22 अग्रणी कंपनियों ने भाग लिया जिसमें एप्टेक, किस्को, कॉग्निजेंट, एक्सल सर्विसेस, इंफोसिस, माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और न्यूक्लिअस सॉफ्टवेयर शामिल हैं।