1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. मिर्च-मसाला

सटोरियों की नजर बेबी बच्चन पर!

मुंबई ब्यूरो

सट्टा बाजार
IFM
सट्टा बाजार ने अब बच्चन परिवार के घर की तरफ ताकना शुरू कर दिया है। अमिताभ बच्चन के पोते या पोती पर सट्टा बाजार में दो सौ करोड़ का सट्टा लग गया है। न्यूज चैनलों ने भले ऐश्वर्या राय बच्चन के बच्चे के जन्म को लेकर किसी भी तरह का हड़कंप न मचाने की बात आपस में तय कर ली हो, पर यहाँ का सट्टा बाजार करोड़ों की कमाई का ये मौका दोनों हाथों से दुहने को तैयार हो गया है। बच्चे का जन्म किस दिन होगा? बच्चा होगा या बच्ची? जन्म की सूचना कौन देगा? इन्हीं बातों को लेकर मुंबई में सट्टा लग रहा है।

बच्चन परिवार के नए मेहमान का जन्म किस दिन होगा? सबसे ज्यादा सट्टा फिलहाल इसी पर लग रहा है। 11 नवंबर को बेबी बच्चन का जन्म हुआ तो सट्टा लगवाने वालों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा क्योंकि ज्यादातर सट्टा इसी तारीख को लेकर लग रहा है। सटोरियों की दूसरी फेवरिट तारीख चाचा नेहरू का जन्मदिवस यानी 14 नवंबर बताई जा रही है। इसके अलावा सट्टा इस बात पर भी लग रहा है कि बच्चन परिवार में बेटा पैदा होगा या बेटी। सट्टा बाजार की खबर रखने वाले ये भी बताते हैं कि बड़े सटोरियों ने सौदा सबसे पहले निपटाने के लिए मुंबई के उस अस्पताल में भी अपने गुर्गे सेट कर दिए हैं, जहाँ ऐश्वर्या अपने बच्चे को जन्म देने के लिए जा सकती हैं।

मुंबई का सट्टा बाजार किसी भी चीज पर सट्टा लगाने के लिए चर्चित रहा है। अमूमन क्रिकेट मैच के नतीजों पर लगने वाला सट्टा कभी मुंबई में मानसून आने के दिन पर, तो कभी किसी फिल्म की पहले दिन की कमाई पर लगने लगा है।