• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. sanjay nishad broke down after meeting ayodhya gang rape victim
Last Modified: रविवार, 4 अगस्त 2024 (10:40 IST)

अयोध्या गैंगरेप पीड़िता से मिलकर रो पड़े संजय निषाद, अखिलेश ने की DNA टेस्ट की मांग

sanjay nishad
ayodhya gangrape : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी प्रमुख संजय निषाद शनिवार को अयोध्या रेप पीड़िता से मिल फूट-फूट कर रोए। उन्होंने इंसाफ की मांग करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया। ALSO READ: अयोध्‍या रेप कांड पर योगी सरकार सख्‍त, आरोपी सपा नेता के खिलाफ बुलडोजर एक्शन
 
अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा में 12 वर्षीय एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। अयोध्या पुलिस ने इस मामले में भदरसा नगर में बेकरी संचालित करने वाले मुईद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को 12 वर्षीय एक बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
 
संजय निषाद ने कहा कि निषाद समाज की बिटिया पर हुए कृत्य को संज्ञान में लेकर अपराधी के घर पर बुलडोजर चलाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए परिवार झूठा है। अखिलेश जी जवाब दे आज तक आरोपी को पार्टी से क्यों नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि अखिलेश के घर और पार्टी ऑफिस के बाहर तो धरना देना पड़ा तो देंगे।
 
उन्होंने सवाल किया कि समाजवादी पार्टी के निषाद सांसद की क्या मजबूरी है जो अभी तक निषाद बेटी पर हुए अत्याचार पर कुछ क्यों नहीं बोले? निषाद पार्टी सड़क से सदन तक मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों को फांसी होनी चाहिए।
 
अखिलेश ने की DNA टेस्ट की मांग : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म मामले में शनिवार को कहा कि अयोध्या के भदरसा मामले में बिना डीएनए टेस्ट के भाजपा का आरोप दुराग्रहपूर्ण माना जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हों उन्हें कानून के हिसाब से पूरी सजा दी जाए, लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ALSO READ: अयोध्‍या रेप कांड पर योगी सरकार सख्‍त, आरोपी सपा नेता के खिलाफ बुलडोजर एक्शन
 
क्या बोलीं मायावती : बसपा प्रमुख मायावती ने सरकार की सख्त कार्रवाई का समर्थन करते हुए सपा को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई को उचित करार देते हुए सवाल किया कि सपा को यह भी बताना चाहिए कि उनकी सरकार में ऐसे आरोपियों के खिलाफ कितने डीएनए टेस्ट हुए हैं।
 
गौरतलब है कि गुरुवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का जिक्र किया और सपा पर निशाना साधा। योगी ने कहा कि यह अयोध्या का मामला है। मुईद खान सपा से है और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। वह 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में संलिप्त पाया गया है। सपा ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
 
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पीड़ित बच्ची की मां से मिलने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्ची के स्वास्थ्य और उसकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंधन किए जाएं। अयोध्या जिला प्रशासन ने बच्ची से बलात्कार के आरोपी मोइद खान की बेकरी को शनिवार को ध्वस्त कर दिया।
Edited by : Nrapendra Gupta