1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. bhupendra chaudhary becomes UP BJP president

भूपेंद्र चौधरी बने यूपी भाजपा के अध्यक्ष

Bhupendra Chaudhary
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी को भाजपा की राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चौधरी को यूपी की कमान सौंपकर भाजपा ने पश्चिमी यूपी के साथ ही जाट समुदाय को भी साधने का प्रयास किया है।
 
पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा कि भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भूपेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। 
 
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाले जाट नेता चौधरी ने बुधवार शाम भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उनका उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के कयास लगाए जा रहे थे।
 
चौधरी केंद्रीय गृहमंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। वह चौधरी स्वतंत्र देव सिंह की जगह लेंगे। स्वतंत्र देव सिंह को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाया गया है।
 
उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यूपी में 80 में से 71 सीटें जीती थी वहीं 2019 में सपा-बसपा गठबंधन के सामने उसे पश्चिमी यूपी में तगड़ा झटका लगा था। भाजपा को 16 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था इनमें से 7 सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की थी। अब 2014 के चुनाव में पार्टी फिर इन सीटों को जीतना चाहती है।
यूपी सरकार में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी वर्ष 2007 से 2012 तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री रहे। वहीं, 2011-2018 तक लगातार तीन बार पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।