1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2024
  4. Donald Trump Shooting Donald Trump Attack

हम एक दूसरे के दुश्मन नहीं, ट्रंप पर हमले के बाद बोले जो बाइडेन

Donald Trump Shooting
Joe Biden On Donald Trump Attack: अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि अमेरिका के इतिहास में पहले काफी ज्यादा हिंसा देखने को मिली हैं। दोबारा से हिंसा के रास्ते पर नहीं चला जा सकता है। बाइडेन ने देश को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप से लेकर अमेरिकी संसद पर हुए हमले का जिक्र किया और कहा कि अमेरिका में इस तरह की हिंसा की कोई जगह नहीं है। अब थोड़ा संयम बरतने का समय आ चुका है। उन्होंने कहा कि हम कोई दुश्मन नहीं है।

दरअसल, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शनिवार को पेनसिल्वेनिया में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान एक हमलावर ने उनके ऊपर गोलियां चला दीं। गोली ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई, जिसकी वजह से उनके कान से खून बहने लगा। इस हमले में एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह जख्मी हो गए। ट्रंप की सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस के जवानों ने 20 वर्षीय हमलावर थॉमस मैथ्यू क्रूक्स को मौके पर ही मार गिराया।

हम कोई दुश्मन नहीं हैं : बाइडेन ने कहा, "मैं आज रात आपसे राजनीति में पारा कम करने की जरूरत के बारे में बात करना चाहता हूं। मैं याद दिलाना चाहता हूं कि जब हम असहमत होते हैं, तो हम दुश्मन नहीं हैं, बल्कि हम पड़ोसी हैं, हम दोस्त हैं, सहकर्मी हैं, नागरिक हैं और सबसे जरूरी बात यह है कि हम अमेरिकी हैं। हमें एक साथ खड़े होना चाहिए"

हिंसा के रास्ते पर नहीं जा सकते: राष्ट्रपति ने कहा, "आज मैं उन चीजों को लेकर बात करना चाहूंगा, जो हम जानते हैं। एक पूर्व राष्ट्रपति पर गोलियां चलाई गईं और एक अमेरिकी नागरिक की मौत हुई, जो सिर्फ अपने पसंदीदा उम्मीदवार को समर्थन देने की आजादी के अधिकार का इस्तेमाल कर रहा था। हम ऐसा नहीं कर सकते। हमें अमेरिका में इस रास्ते पर नहीं जाना चाहिए, जिस पर हम अपने पूरे इतिहास में पहले भी यात्रा कर चुके हैं। हिंसा कभी भी इसका जवाब नहीं रही है"

बाइडेन ने हाल के वर्षों में अमेरिका में हुई हिंसा का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, "चाहे वह दोनों पार्टियों के कांग्रेस सदस्यों को निशाना बनाकर गोली मारने का मामला हो। 6 जनवरी को कैपिटल हिल पर हिंसक भीड़ द्वारा हमला करने का मामला हो। सदन की पूर्व स्पीकर नैंसी पेलोसी के पति पर हमला हो या चुनाव अधिकारियों को धमकी देने का मामला हो। मौजूदा गवर्नर के खिलाफ अपहरण की साजिश या फिर डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश"
Edited by navin rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले पर राष्ट्रपति बाइडेन का बयान, जानिए क्या बोले