सूडान को 'दु:स्वप्न' से निकालने के लिए वैश्विक समुदाय से ठोस क़दम उठाने की पुकार
file photo
सूडान में पिछले 16 महीनों से जारी युद्ध के कारण देश की स्वास्थ्य व्यवस्था लगभग ध्वस्त होने के कगार पर है, और यहां आम नागरिक संकटों के एक ऐसे तूफ़ान से जूझ रहे हैं, जिन्हें दुनिया नज़रअन्दाज़ कर रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने रविवार को लाल सागर में स्थित पोर्ट सूडान शहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौजूदा हालात पर गहरा क्षोभ प्रकट किया है।
यूएन स्वास्थ्य एजेंसी के महानिदेशक टैड्रॉस एडहेनॉम घेबरेयेसस ने कहा कि आपात हालात का स्तर स्तब्धकारी है और हिंसक टकराव को रोकने के लिए पर्याप्त क़दम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सूडान में परस्पर विरोधी सैन्य बलों के बीच हिंसक टकराव में अब तक 20 हज़ार से अधिक लोगों की जान गई है, और विश्व में सबसे बड़ा आन्तरिक विस्थापन संकट उपजा है। देश की सीमाओं के भीतर एक करोड़ से अधिक विस्थापन का शिकार हुए हैं, जबकि 20 लाख लोगों ने पड़ोसी देशों में शरण ली है।
डॉक्टर टैड्रॉस ने क्षोभ जताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय ने सूडान को भुला दिया है और देश को छिन्न-भिन्न कर रहे हिंसक टकराव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया है। इसके क्षेत्र के लिए व्यापक नतीजे हो सकते हैं। महानिदेशक घेबरेयेसस ने कहा कि हिंसक टकराव के कारण सूडान में फ़िलहाल ढाई करोड़ लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है।
इनमें से क़रीब डेढ़ करोड़ लोगों को तत्काल जीवनरक्षक सहायता पहुंचाने के लिए मानवतावादी संगठनों ने 2.7 अरब डॉलर की अपील की है, मगर आधी से कम रक़म का ही प्रबन्ध हो पाया है।
इस पृष्ठभूमि में उन्होंने ज़िन्दगियों की रक्षा के लिए अनेक क़दम उठाए जाने की अपील की है: स्वास्थ्य केन्द्रों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीज़ों की रक्षा; मानवीय सहायता व आपूर्ति के लिए सतत मार्ग की सुलभता; बीमारियों की निरन्तर निगरानी के लिए व्यवस्था और टीकाकरण कवरेज।
उन्होंने आग्रह किया कि सूडान को इस दुस्वप्न से निकालने के लिए विश्व समुदाय को नीन्द से जागना होगा, और तत्काल युद्धविराम व स्थाई राजनैतिक समाधान की तलाश करनी होगी।

