1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. No Games Village in 2026 Asian Games, athletes to stay in hotels and cruise ships

आगामी एशियाई खेलों में नहीं होगा खेल गांव, होटल और क्रूज जहाज में रहेंगे खिलाड़ी

asian games
2026 Asian Games in Aichi-Nagoya, Japan : जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 2026 एशियाई खेलों में खेल गांव (Games Village) नहीं होगा और खिलाड़ियों को होटलों तथा क्रूज जहाजों में ठहराया जाएगा।
 
एशियाई खेलों में यह पहली बार होगा जब खिलाड़ियों के लिए कोई खेल गांव नहीं होगा।
 
एशिया ओलंपिक परिषद की 44वीं आम सभा के दौरान जापान ओलंपिक समिति के पूर्व अध्यक्ष त्सुनेकाजू ताकेदा (Japan Olympic Committee president Tsunekazu Takeda) ने रविवार को बताया कि आइची प्रांत और नागोया शहर द्वारा सह-मेजबानी की जाने वाली महाद्वीपीय आयोजन में कोई ओलंपिक गांव नहीं होगा।
 
ताकेडा ने खेलों की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘‘हमारे पास खेल गांव नहीं होगा क्योंकि खेल दो प्रांतों में आयोजित किए जाएंगे। इसके बजाय हम एथलीटों और गणमान्य व्यक्तियों को होटलों और क्रूज जहाजों में ठहराने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।’’
 
2026 एशियाई खेलों के उपाध्यक्ष ताकेडा ने कहा, ‘‘हमने होटल के कमरों के अलावा 4,000 एथलीटों और अधिकारियों के लिए क्रूज जहाजों की व्यवस्था की है।’’

 
ताकेडा का यह विचार हालांकि कुवैत और फलस्तीन जैसे कई ओसीए सदस्यों को पसंद नहीं आया, जिन्होंने चिंता जताई और कहा कि ऐसा कदम खेलों की भावना के अनुरूप नहीं होगा।
 
नवनिर्वाचित ओसीए अध्यक्ष रणधीर सिंह (Randhir Singh) भी इस विचार से खुश नहीं हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें एक जगह रहना चाहिए इसलिए युवाओं को एक साथ रखने के लिए खेल गांव सबसे महत्वपूर्ण है। इस तरह के आयोजन में खेल गांव का जीवन सबसे महत्वपूर्ण है।’’
 
रणधीर ने संकेत दिया कि ओसीए टीम के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भागीदारी की संख्या कम करने पर विचार कर रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार 40 खेलों में 15,0000 एथलीटों ने भाग लिया था, पिछली बार फुटबॉल में 32 टीमें थीं लेकिन इस बार हम इस संख्या को शीर्ष 8 टीमों की तरह सीमित करना चाहेंगे।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘ व्यक्तिगत आयोजनों में भी ऐसा होगा। हमें संख्याओं को सीमित करने की आवश्यकता है। दो या तीन अधिक प्रतिनिधित्व नहीं हो सकते।’’  (भाषा) 


लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
IND vs BAN : केएल राहुल-ऋषभ पंत की हुई वापसी, श्रेयस को नहीं मिली जगह, पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया का ऐलान