Tokyo Olympics : पीवी सिंधु की शानदार जीत, क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
मुख्य बिंदु
- पीवी सिंधु ने ओलंपिक में पदक की ओर बढ़ाया एक और कदम
- डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट पर सिंधु की जबरदस्त जीत
- क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं भारतीय बैडमिंटन स्टार
छठी वरीय सिंधु ने मुसाहिनो फॉरेस्ट स्पोर्ट्स प्लाजा में 41 मिनट चले मुकाबले में मिया को 21-15, 21-13 से हराया। डेनमार्क की दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु की 6 मैचों में यह 5वीं जीत है। भारतीय खिलाड़ी को मिया के खिलाफ एकमात्र हार का सामना इसी साल थाईलैंड ओपन में करना पड़ा था।
2 व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रही सिंधु का सामना क्वार्टर फाइनल में जापान की चौथी चरीय अकाने यामागुची और कोरिया की 12वीं वरीय किम गुएन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
छठी वरीय सिंधु ने शुरू से ही शानदार खेल दिखाया। उन्होंने गजब की तेजी और मूवमेंट दिखाई और अपने स्मैश तथा क्रॉस कोर्ट रिटर्न से मिया को काफी परेशान किया। लंबी रैलियों में भी सिंधु का ही दबदबा देखने को मिला। मिया ने काफी सहज गल्तियां की। उन्होंने अपने दमदार स्मैश से सिंधु को परेशान किया लेकिन कई शॉट बाहर मारकर दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी को दबाव से निकलने का मौका भी दिया।
मिया के खिलाफ सिंधु ने शुरुआती दो अंक गंवाए लेकिन इसके बाद लगातार चार अंक के साथ 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। मिया को सिंधु के रिटर्न को उठाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था जबकि उन्होंने कुछ शॉट बाहर भी मारे जिससे सिंधु ने 8-4 की बढ़त बनाई। ब्रेक के समय सिंधू 11-6 से आगे थी।
PV Sindhu
दूसरे गेम में सिंधु शुरू से ही हावी दिखी। उन्होंने लगातार पांच अंक के साथ 5-0 की बढ़त बनाई। मिया ने इस बीच अपनी सर्विस पर गल्तियां की लेकिन कुछ हद तक वापसी करते हुए स्कोर 6-9 करने में सफल रही। सिंधु ने हालांकि लगातार दो क्रॉस कोर्ट रिटर्न से अंक जुटाकर ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली।
सिंधु के रिर्टन शानदार थे लेकिन उन्होंने बीच-बीच में कुछ सहज गल्तियां भी की और नेट पर शॉट मारे। सिंधु हालांकि रैली में लगातार दबदबा बनाने में सफल रहीं जिससे उन्होंने 16-10 की बढ़त बना ली।
सिंधु ने 16-11 के स्कोर पर लगातार चार अंक के साथ नौ मैच प्वाइंट हासिल किया। मिया ने दो मैच प्वाइंट बचाए लेकिन सिंधु ने क्रॉस कोर्ट ड्रॉप शॉट के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

