1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार

गेहूँ का आयात करेगी एफसीआई

गेहूँ एफसीआई आयात
गेहूँ की खरीद की गति धीमी रहने के चलते भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने 15 लाख टन खाद्यान्न के आयात का फैसला किया है।

एफसीआई ने कॉल आप्शन रूट के तहत वैश्विक निविदा आमंत्रित की है जिसमें उसे किसी भी समय पूर्व निर्धारित कीमत पर खाद्यान्न आयात करने की अनुमति होगी।

एफसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम ‍छपाने की शर्त पर बताया कि हम दो सौदे कर रहे हैं। एक पाँच लाख टन गेहूँ के लिए होगा जबकि दूसरा 10 लाख टन के लिए।

अधिकारी ने कहा कि इस समझौते पर अगले सप्ताह हस्ताक्षर होने की संभावना है। इसकी पहली खेप भारतीय बंदरगाहों पर इस साल एक जून तक पहुँचने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि आयात की वजह गेहूँ की भारी उपलब्धता दिखाने संबंधी माहौल बनाना है ताकि कीमतें कम रहें। सरकार ने इस साल गेहूँ का उत्पादन 7.37 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है जबकि पिछले साल यह 6.94 करोड़ टन था।

अधिकारी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में गेहूँ की खरीद धीमी रहने के पीछे यह अफवाह हो सकती है कि सरकार गेहूँ की खरीद पर अभी एक और बोनस देगी। फिलहाल गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य और बोनस मिलाकर गेहूँ की कीमत प्रति क्विंटल 850 रुपए आ रही है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें