मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. आलेख
  4. In the last moments, India played the draw with England
Written By
Last Updated : शनिवार, 21 जुलाई 2018 (23:07 IST)

आखिरी क्षणों में गोल गंवाकर भारत ने इंग्लैंड से ड्रॉ खेला

आखिरी क्षणों में गोल गंवाकर भारत ने इंग्लैंड से ड्रॉ खेला - In the last moments, India played the draw with England
लंदन। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिरी क्षणों में गोल गंवाकर दुनिया की दूसरे नंबर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ महिला हॉकी विश्व कप में पूल 'बी' के पहले मैच में 1-1 से ड्रॉ खेला। नेहा गोयल ने 25वें मिनट में भारत को बढ़त दिला दी लेकिन 54वें मिनट में लिली ओसले ने इंग्लैंड के लिए पेनल्टी कॉर्नर पर बराबरी का गोल दागा।

 
 
दुनिया की 10वें नंबर की टीम भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड पर अधिकांश समय दबाव बनाए रखा। पहले 2 क्वार्टर में भारत का पलड़ा भारी रहा हालांकि मेजबान को 5 पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका।

गोलकीपर सविता पूनिया ने कई गोल बचाकर इंग्लैंड की फॉरवर्ड पंक्ति को कामयाबी हाथ नहीं लगने दी। मेजबान टीम को मिले पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए। इंग्लैंड को 32वें सेकंड में ही पहला जबकि 8वें मिनट में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने उसे गोल नहीं करने दिया।
 
दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को 2 पेनल्टी कॉर्नर और मिले लेकिन सविता ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाई। दूसरी ओर भारत ने इंग्लैंड के डिफेंस में लगातार सेंध मारी और 25वें मिनट में नेहा गोयल ने फील्ड गोल करके भारत को बढ़त दिला दी। भारत ने तीसरे क्वार्टर में भी अपनी बढ़त बरकरार रखी। आखिरी क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार हमले बोले। इंग्लैंड को 48वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जो बेकार गया।
 
5 मिनट बाद भारतीय गोलकीपर सविता ने पेनल्टी कॉर्नर पर शुरुआती शॉट बचा लिया लेकिन ओसले ने रिबाउंड पर बराबरी का गोल दाग दिया। वैसे भारत का यह प्रदर्शन उत्साहवर्धक कहा जाएगा, क्योंकि राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक के मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 6-0 से हराया था, वहीं ग्रुप चरण में भारत ने इंग्लैंड को 2-1 से मात दी थी। भारत 26 जुलाई को आयरलैंड से खेलेगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
विश्व जूनियर स्क्वाश में मिस्र का दबदबा