1. धर्म-संसार
  2. »
  3. धर्म-दर्शन
  4. »
  5. धार्मिक स्थल

संस्कृति की पहचान झूलेलाल मंदिर

मध्यप्रदेश का तीर्थस्थल

चेटीचंड महोत्सव
- बृजेश शुक्ला

ND
मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में चेटीचंड महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1974 से हुई, तब थावरदास रोहरा उत्सव मंत्री बने थे। प्रारंभ काल में हाथ ठेले पर बहराणा साहिब की ज्योति प्रज्ज्वलित कर चाचर नृत्य के साथ नगर भ्रमण के पश्चात ज्योति का विसर्जन तिलवाराघाट में किया गया। बाद में शोभायात्रा को धीरे-धीरे भव्यता प्रदान की गई। आज इस उत्सव ने एक विशाल महोत्सव का रूप धारण कर लिया है।

देश में नर्मदा, गंगा, यमुना की तरह सिन्धु नदी का भी पूजन होता है। भारत सहित विश्व में सिन्धु सभ्यता की मान्यता है। सिन्धु नदी से ही भगवान झूलेलाल अवतरित हुए और अधर्म का नाश किया। भरतीपुर स्थित झूलेलाल मंदिर भी इसी सभ्यता का प्रतीक है।

संस्कारधानी में बसे सिन्धी समाज के लोगों ने तैयार कर इस अनोखे धर्मस्थल को तीर्थस्थल के रूप में सौंपा। जहाँ वर्षभर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सन्‌ 1990 में इस मंदिर के गर्भगृह का उद्घाटन हुआ। तब से यहाँ प्रतिदिन आस्थावान आकर साईंलाल के चरणों में माथा टेकते हैं।

सिन्धी समाज के लोगों ने सन्‌ 1981 में भरतीपुर में एक भूखण्ड खरीदा। 1985 में महंत स्वामी रामदास एवं कटनी के बाबा नारायण शाह ने इस स्थल को पवित्र कर भूमिपूजन किया। तत्पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। मंदिर के गर्भगृह का उद्घाटन 1990 में पं. मुकुंदलाल एवं पं. मुरलीधर शर्मा द्वारा हुआ।

ND
जयपुर के कलाकारों ने बनाईं मूर्तियाँ : वर्ष 1992 में जयपुर के कलाकारों ने मंदिर में भगवान झूलेलाल सहित गणेश भगवान, विष्णु भगवान का विराट रूप, रामदरबार, श्री राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, शिवलिंग एवं माँ अम्बे की मूर्तियों का निर्माण किया। मंदिर के अंदर की साज-सज्जा को बड़े ही आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। मंदिर में नयनाभिराम झाँकी, चित्रमय झाँकी के रूप में प्रदर्शित की गई है। जिसमें साईं बाबा, गुरुनानक देव, बाबा नारायण शाह, स्वामी दयालदास, संत कंवरराम, वरुण शाह, साईं टेऊराम, साईं लीलाशाह, पं. मुरलीधर शर्मा सहित अन्य संत-महात्माओं की प्रतिमाएँ शामिल हैं।

ये सभी मूर्तियाँ मार्बल की हैं। श्री झूलेलाल मंदिर का लोकार्पण 15 अप्रैल 1992 को मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की उपस्थिति में हुआ था।

वर्षभर होते हैं कार्यक्रम : श्री झूलेलाल मंदिर भरतीपुर में साल भर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। जिसमें मुख्य रूप से चेटीचंड महोत्सव पर स्कूटर रैली, दीपदान, शोभायात्रा, भण्डारा, बच्चों को शिक्षा, कला क्षेत्र में प्रोत्साहन कार्यक्रम, नवरात्रि, रामनवमीं, भगवान झूलेलाल का चालीसा महोत्सव, जन्माष्टमी, गणेश जन्मोत्सव, नवरात्रि व दशहरा, संत कंवरराम बरसी उत्सव, शिवरात्रि, होली मिलन के साथ ही प्रतिमाह चंद्रदर्शन पर बहराणा साहब का पूजन किया जाता है।

1973 में सिन्धी समाज का गठन : शहर के स्वजातीय बंधुओं को संगठित कर आध्यात्मिक, धार्मिक, आर्थिक उन्नति में योगदान के लिए 16 जुलाई 1973 को सिन्धी नवयुवक मंडल का विधिवत गठन किया गया। जिसने समाज में प्रचलित कुप्रथाओं के उन्मूलन हेतु स्वजातीय पंचायती चल-अचल संपत्ति की रक्षा करने, स्वजातीय निर्धन, निराश्रितों, अनाथ विधवाओं, विद्यार्थियों को यथा-शक्ति सहयोग करने का बीड़ा उठाया। 1 जनवरी 1974 को मोतीराम मंध्यानी के सहयोग से सिन्धी नवयुवक मंडल के संविधान का निर्माण किया गया।