मंगलवार, 1 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Swami Prabhananda Maharaj, Vice President of Ramkrishna Mission passes away
Written By
Last Modified: रविवार, 2 अप्रैल 2023 (10:30 IST)

रामकृष्ण मिशन के उपाध्यक्ष स्वामी प्रभानंद का 91 वर्ष की उम्र में निधन

Swami Prabhananda Maharaj
कोलकाता। रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के उपाध्यक्ष स्वामी प्रभानंद का शनिवार को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 91 साल के थे। स्वामी प्रभानंद बीते छह महीने से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 
 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वामी प्रभानंद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्‍वीट कर कहा, 'स्वामी प्रभानंद का जीवन और शिक्षा आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके भक्तों को इस कठिन समय में शक्ति मिले।'
 
रामकृष्ण मिशन ने एक बयान में कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए बेहद दुख हो रहा है कि रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के उपाध्यक्ष श्रद्धेय स्वामी प्रभानंदजी महाराज का सेवा प्रतिष्ठान, कोलकाता में शनिवार शाम 6.50 बजे निधन हो गया।
 
स्वामी प्रभानंद का जन्म 17 अक्टूबर 1931 को अखौरा में हुआ था, जो अब बांग्लादेश का हिस्सा है। वे 1958 में नरेंद्रपुर केंद्र में रामकृष्ण मिशन से जुड़े और 1966 में उन्होंने स्वामी वीरेश्वरानंदजी महाराज से ‘संन्यास दीक्षा’ प्राप्त की।
 
स्वामी प्रभानंद के पार्थिव देह को रविवार रात आठ बजे तक बेलूर मठ में रखा जाएगा, ताकि भक्त और प्रशंसक दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन कर सकें। मिशन ने कहा कि स्वामी प्रभानंद के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रात नौ बजे से शुरू होगी।