1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Situation still critical due to floods in Assam

Assam Floods: असम में बाढ़ से स्थिति अब भी गंभीर, 4 लाख से अधिक लोग प्रभावित

100 से अधिक राहत शिविर लगाए गए

Situation still critical due to floods in Assam
Assam Floods: असम में बाढ़ (Floods) की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी है और प्रमुख नदियों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए गुवाहाटी में बताया कि बाढ़ से विभिन्न जिलों के 4 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
 
गुरुवार की शाम तक की खबरों के अनुसार राज्य की कोपिली, बराक और कुशियारा जैसी कुछ प्रमुख नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि 19 जिलों- बालाजी, बक्सा, बारपेटा, बिस्वनाथ, कछार, दरांग, गोलपाड़ा, हैलाकांडी, होजाई, कामरूप, करीमगंज, कोकराझार, लखीमपुर, नागांव, नलबाड़ी, सोनितपुर, दक्षिण सलमारा, तामुलपुर और उदलगुरी में 4 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
 
राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ आई है। असम के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं और अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ स्थानों पर बादलों की गरज तथा बिजली की चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
 
अधिकारी ने बताया कि करीमगंज में सबसे ज्यादा 2.5 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके बाद बाढ़ प्रभावितों में दरांग और तामुलपुर का स्थान है। इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान से राज्य में जान गंवाने वालों की संख्या 36 तक पहुंच गई है। विभिन्न जगहों पर 100 से अधिक राहत शिविर लगाए गए हैं जिनमें 14 हजार से अधिक प्रभावित लोगों ने शरण ली है। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित जिलों में बाढ़ के पानी से कई तटबंधों, सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचा है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
NEET पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रियंका गांधी ने पेपर लीक को बताया राष्‍ट्रीय समस्या