1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Ruckus over Rahul Gandhi's statement on Hindutva

Gujarat : राहुल गांधी के हिन्दुत्व वाले बयान पर बवाल, कांग्रेस-भाजपा भिड़े, बजरंगियों ने किया था हल्लाबोल

rahul gandhi
अहमदाबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा कथित तौर पर की गई हिन्दू विरोधी (anti Hindu remarks) टिप्पणियों के खिलाफ मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य विपक्षी पार्टी और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया।
 
शहर पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि हिंसकक झड़प और पत्थरबाजी के बाद दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को पालडी इलाके से हिरासत में लिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हमला करने का आरोप लगाया जबकि विपक्षी नेताओं ने सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं पर हिंसा करने का आरोप लगाया।

 
स्थानीय टीवी चैनल द्वारा प्रसारित तस्वीरों में दिखाई दे रहा है कि कांग्रेस के गुजरात प्रदेश मुख्यालय राजीव गांधी भवन के सामने दोनों पक्ष के कार्यकर्ता एक दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस द्वारा हस्तक्षेप करने की कोशिश के बावजूद कुछ लोग एक दूसरे पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। हिंसक झड़प के बाद पुलिस कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में दाखिल हुई और कई पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

 
लोकसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपने पहले भाषण में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर हमला करते हुए कहा था कि जो लोग खुद को हिन्दू कहते हैं, वे चौबीसों घंटे हिंसा और नफरत फैलाने में लिप्त हैं। राहुल के बयान के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता सोमवार रात को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालयों में दाखिल हो गए थे और उन्होंने विरोध स्वरूप कांग्रेस नेता के पोस्टर पर काला पेंट पोत दिया था। मुख्य परिसर में ताला लगा था लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मुख्य इमारत के प्रवेश द्वार के नजदीक लगे राहुल गांधी के पोस्टर को विरूपित कर दिया।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
UP Hathras Stampede Updates : 40 पुलिसकर्मियों के भरोसे थी हाथरस के सद्‍भावना कार्यक्रम की सुरक्षा