1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. minister chandrakant patil on maratha reservation

मराठा आरक्षण पर मंत्री बोले, रिश्तेदारों के दस्तावेज के आधार पर मिलेंगे कुनबी प्रमाण-पत्र

maratha reservation
Maratha reservation : महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि जिन लोगों के दस्तावेज में उनके कुनबी जाति से होने का पता चला है उनके सगे सोयारे (रक्त संबंधियों) को भी ऐसे ही प्रमाण पत्र मिलेंगे। कुछ अति पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेताओं के मराठों के लिए इस तरह के कदम का विरोध करने के बीच पाटिल ने यह टिप्पणी की है।
 
पत्रकारों से बात करते हुए पाटिल ने कहा कि दोनों समुदायों (ओबीसी और मराठा) को यह समझाना होगा कि 'सगे सोयारे' पर अधिसूचना से किसी के हितों को नुकसान नहीं पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर विचार करने के लिए सोमवार को सर्वदलीय बैठक करेगी।
 
कार्यकर्ता मनोज जरांगे कुनबी को मराठा समुदाय के सदस्यों के 'सगे सोयारे' के रूप में मान्यता देने वाली अधिसूचना के मसौदे के कार्यान्वयन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पिछले महीने अपना अनिश्चितकालीन अनशन स्थगित कर दिया था।
 
वह मांग कर रहे हैं कि सभी मराठों को कुनबी प्रमाण पत्र जारी किए जाएं जिससे वे आरक्षण का लाभ उठा सकें। कुनबी एक कृषि समूह है जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी का हिस्सा है।
 
मंत्री पाटिल ने कहा कि जिनके रिकॉर्ड (कुनबी के रूप में) पाए जाते हैं उन्हें कुनबी प्रमाण पत्र दिया जाएगा। कुनबी प्रमाण पत्र पाने वालों के 'सगे सोयारे' को भी (कुनबी) प्रमाण पत्र मिलेगा।
 
पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
कैप्टन अंशुमन सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र, पत्नी स्मृति ने इस तरह किया याद