रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. indigo passenger alleges thrown out for complaining about mosquitoes
Written By
Last Updated : मंगलवार, 10 अप्रैल 2018 (13:35 IST)

महंगा पड़ा विमान में मच्छर की शिकायत करना, धक्के मारकर उतारा

महंगा पड़ा विमान में मच्छर की शिकायत करना, धक्के मारकर उतारा - indigo passenger alleges thrown out for complaining about mosquitoes
लखनऊ। एक यात्री को विमान में मच्छर की शिकायत करना महंगा पड़ा। उस यात्री को नीचे उतार दिया गया। यात्री ने इसकी वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। यात्री दक्षिण भारत के जाने-माने डॉक्टर हैं। उनका कहना है कि इंडिगो के क्रू सदस्यों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया।


घटना के मुताबिक इंडिगो की उड़ान संख्या 6 ई 541 सुबह छ: बजे लखनऊ से बेंगलुरू के लिए उड़ान भरने के लिए तैयार थी। इसी बीच एक यात्री डॉ. सौरभ राय ने मच्छरों का प्रकोप होने की शिकायत की। उनके साथ कुछ अन्य यात्रियों ने भी इसकी शिकायत की।

इसी बीच विमान के क्रू सदस्यों ने तत्काल मच्छररोधी छिड़काव करने में असमर्थता जाहिर की। इस पर यात्री भड़क गए। डॉ. सौरभ के अनुसार अन्य यात्री भी यही शिकायत कर रहे थे। विमानन कंपनी के क्रू सदस्यों ने उनको निशाने पर इसलिए ले लिया क्योंकि उन्होंने विरोध की शुरुआत की।

उनके मुताबिक उनको जबरन विमान से नीचे उतार दिया गया। क्रू सदस्यों ने उनके साथ अभद्रता की। यहां तक कि उन्हें बाद में देख लेने की भी धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने दूसरी विमानन कंपनी का टिकट लेकर बेंगलरू की यात्रा की। उधर इंडिगो ने पूरे मामले में सफाई में कहा कि डॉ. सौरभ उसी समय मच्छररोधी छिड़काव करने की जिद कर रहे थे।

यात्रियों से भरे विमान में मच्छर रोधी छिड़काव नहीं किया जा सकता, यह नियम के विरुद्ध है। उन्होंने डॉ. सौरभ पर यह भी आरोप लागया कि वे अन्य यात्रियों को भड़का रहे थे। साथ ही विमान को न उड़ने देने और ‘हाईजैक' जैसे खतरनाक शब्दों का प्रयोग करने लगे। ऐसे में मजबूरन उनको उतरने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर भी रोजाना यात्री लखनऊ एयरपोर्ट पर मच्छरों का प्रकोप होने की शिकायत कर रहे हैं। विमानन कंपनियों की ओर से भी एयरपोर्ट अथॉरिटी से सुबह-शाम मच्छर रोधी छिड़काव करने का अनुरोध किया गया है। ट्विटर पर रोजाना औसतन पांच से छ: यात्री मच्छरों के कारण हो रही परेशानी से संबंधित ट्वीट कर रहे हैं। (एजेंसियां)
ये भी पढ़ें
यूपी में आंबेडकर प्रतिमा का 'भगवाकरण'