1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. CBI seized arms and ammunition in Sandeshkhali, West Bengal

CBI ने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में जब्त किए हथियार व गोला बारूद

शाहजहां शेख के समर्थकों से जुड़ा है मामला

CBI
CBI seized arms and ammunition in Sandeshkhali: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली (Sandeshkhali) में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान उसने विदेश निर्मित पिस्तौल (pistol) सहित हथियार (arms) और गोला बारूद बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

 
शाहजहां शेख के समर्थकों से जुड़ा है मामला : उन्होंने नई दिल्ली में बताया कि यह तलाशी अभियान तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे शाहजहां शेख के समर्थकों द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किए जाने की घटना से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर 5 जनवरी को संदेशखाली में उस समय हमला किया गया था, जब वह कथित राशन घोटाले के सिलसिले में शेख के परिसर पर छापा मारने गई थी।
 
विदेश निर्मित पिस्तौल सहित हथियार बरामद : अधिकरियों ने बताया कि सीबीआई को अपनी जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि संदेशखाली में भारी मात्रा में हथियार छिपाए गए हैं इसके बाद शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम ने तलाशी अभियान प्रारंभ किया और उसे विदेश निर्मित पिस्तौल सहित हथियार बरामद हुए।

 
5 जनवरी की घटनाओं पर 3 प्राथमिकी दर्ज : कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय एजेंसी ने 5 जनवरी की घटनाओं पर 3 प्राथमिकी दर्ज की थीं। ये प्राथमिकियां भीड़ द्वारा ईडी अधिकारियों पर कथित हमले, निलंबित टीएमसी नेता शेख के सुरक्षाकर्मी द्वारा ईडी अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों और ईडी अधिकारियों पर हमले के संबंध में नजात पुलिस थाने की ओर से स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किए गए मामले से संबंधित हैं।
 
ईडी के 3 अधिकारी घायल हो गए थे : शेख को फरवरी में पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लगभग 1,000 लोगों की भीड़ के हमले में ईडी के 3 अधिकारी घायल हो गए थे इसके बाद एजेंसी के एक उपनिदेशक ने बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Live : ‍त्रिपुरा में दोपहर 1 बजे तक 54.37 प्रतिशत मतदान