Govardhan puja
Mon, 9 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. BMC Election, BMC, Shiv Sena

बीएमसी का मेयर हमारी पार्टी का होगा : शिवसेना

BMC Election
मुंबई। अपने गढ़ मुंबई के बीएमसी चुनाव में 82 सीटें जीतने वाली भाजपा की बढ़त से बेफिक्र शिवसेना ने शुक्रवार को जोर देकर कहा कि नगर निकाय का मेयर उनकी पार्टी का ही बनेगा। इसके साथ ही सेना ने अब पराए हो चुके अपने पुराने सहयोगी भाजपा पर छल से उन्हें अस्थिर करने का भी आरोप लगाया।
शिवसेना ने देश की सबसे रईस नगर निकाय के लिए भाजपा से गठबंधन नहीं करने के संकेत दिए हैं। सेना ने कहा कि भगवा पार्टी से उसकी लड़ाई जारी रहेगी और वह कठिन रास्ते पर चलती रहेगी, चाहे इसका परिणाम कुछ भी हो।
 
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में भाजपा को शानदार जीत मिली है और वह 10 में से 8 नगर निगमों की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, हालांकि भाजपा अपनी कलहप्रिय सहयोगी पार्टी शिवसेना से पीछे रह गई। शिवसेना को अपने गढ़ मुंबई के नगर निकाय चुनाव में कुल 84 सीटें मिली हैं।
 
निकाय चुनाव परिणाम के 1 दिन बाद सेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में दावा किया कि भाजपा ने इस चुनाव में राज्य की पूरी मशीनरी का इस्तेमाल किया। इसमें कहा गया कि बृहन्मुंबई नगर पालिका और अन्य स्थानीय निकाय चुनाव में अभूतपूर्व परिणाम हासिल करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने अपनी पूरी ताकत लगा दी।
 
इसमें दावा किया गया कि सेना पिछले 25 वर्षों से बीएमसी में सत्तारूढ़ है। भाजपा ने हमारे शासन को अस्थिर करने के लिए छल का सहारा लिया। इससे पहले कांग्रेस के राज में ऐसा कभी नहीं हुआ। सेना ने दावा किया कि बीएमसी चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी लेकिन उसके बावजूद उसे केवल 82 सीटें मिलीं। बीएमसी का मेयर शिवसेना से ही होगा।
 
बीएससी के परिणाम गुरुवार को घोषित हुए थे जिसमें शिवसेना को 84, जबकि भाजपा को 82 सीटें मिली थीं। कांग्रेस केवल 31 सीटें जीतकर तीसरे नंबर पर रही, जबकि राकांपा और राज ठाकरे की मनसे को क्रमश: 9 और 7 सीटें हासिल हुई। सेना ने शुक्रवार को कहा कि वह अग्निपथ पर चलती रहेगी और परिणाम की चिंता किए बगैर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
निजी जेलों पर ओबामा के प्रतिबंध को ट्रंप ने पलटा