1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 4 killed in building collapse in Maharashtra's Thane

महाराष्ट्र के ठाणे में ढही 5 मंजिला इमारत, मलबे में दबने से 4 लोगों की मौत

Maharashtra
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में गुरुवार को 5 मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढहने से उसके मलबे में दबकर 4 लोगों की मौत हो गई।कुछ और लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव और राहत कार्य जारी है। इस अवैध इमारत को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उल्हासनगर की तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) कोमल ठाकुर के अनुसार, कुछ और लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव और राहत कार्य जारी है।

अधिकारी ने बताया कि उल्हासनगर कैंप पांच में स्थित इमारत की तीसरी मंजिल का एक हिस्सा पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक ढह गया। उन्होंने बताया कि 30 फ्लैटों वाली इमारत अवैध थी, जिसे पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। उन्होंने बताया कि पांच परिवार अभी भी इमारत में रह रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय दमकल कर्मचारी, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, राजस्व और निकाय अधिकारी संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बताया कि हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

ठाकुर ने कहा मृतकों की पहचान सागर ओछानी (19), प्रिया धनवानी (24), रेणु ढोलंदादास धनवानी (54) और धोलदास धनवानी (58) के तौर पर की गई है।(भाषा)
फोटो सौजन्‍य : टि्वटर
अगला लेख
महिलाओं के वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पर वायरल करना अपराध है, जानिए कितनी मिल सकती है सजा?