1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 142 people missing due to flood in Sikkim

flood in sikkim: सिक्किम में बाढ़ से लापता 142 लोगों की तलाश जारी, सीएम ने की अनुग्रह राशि की घोषणा

Flood in Sikkim
flood in sikkim: सिक्किम (sikkim) में बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ (flood) के बाद से लापता 142 लोगों की तलाश शनिवार को भी जारी रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) ने बाढ़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की।
 
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में 7 सैनिकों सहित 26 लोगों की मौत हो चुकी है और 25,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा बाढ़ से 1,200 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 13 पुल बह गए हैं। 
 
अधिकारियों के मुताबिक अब तक विभिन्न इलाकों से 2,413 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, वहीं 6,875 लोगों ने राज्यभर में बनाए गए 22 राहत शिविरों में आश्रय ले रखा है। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य में अचानक आई बाढ़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि और राहत शिविरों में शरण लिए प्रत्येक व्यक्ति को 2-2 हजार रुपए की तत्काल राहत देने की भी घोषणा की।
 
उन्होंने पीटीआई-वीडियो को बताया कि हजारों करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हम नुकसान के बारे में सटीक विवरण नहीं दे सकते। इसका पता तब चलेगा, जब एक समिति गठित की जाएगी और वह अपना विश्लेषण पूरा करेगी। हमारी पहली प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को बचाना और उन्हें तत्काल राहत प्रदान करना है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों के बीच सड़क संपर्क टूट गया है और पुल बह गए हैं। उत्तरी सिक्किम में संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरदांग इलाके से लापता हुए सेना के 23 जवानों में से 7 के शव निचले इलाकों के विभिन्न हिस्सों से बरामद किए गए हैं जबकि 1 को बचा लिया गया है और बाकी लापता जवानों की तलाश सिक्किम व उत्तर बंगाल में जारी है।(भाषा)(फ़ाइल चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
इजराइल की राजधानी समेत 3 शहरों पर हमास का रॉकेट हमला, इजराइल का भी ऐलान-ए-जंग