1. लाइफ स्‍टाइल
  2. एनआरआई
  3. NRI न्यूज
  4. Donald trump celebrates diwali

ओवल कार्यालय में ट्रंप ने मनाई दीपावली

Donald trump celebrates diwali
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निक्की हेली, सीमा वर्मा सहित प्रशासन के  वरिष्ठ भारतीय अमेरिकी सदस्यों तथा समुदाय के नेताओं के साथ ओवल कार्यालय में  दीपावली मनाई।
 
हेली संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत हैं। सीमा वर्मा ‘सेंटर्स फॉर मेडीकेयर एंड मेडिकैड  सर्विसेज’ की प्रशासक हैं। अजीत पई ‘यूएस फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन’ के अध्यक्ष हैं।  राज शाह मुख्य उप प्रेस सचिव हैं।
 
दीपावली समारोह में ट्रंप प्रशासन की ओर से शामिल लोगों में हेली, सीमा, पई, शाह आदि  शामिल थे। इस आयोजन में ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने भी हिस्सा लिया। पिछले साल  इवांका दीपावली पर वर्जीनिया और फ्लोरिडा स्थित मंदिरों में गई थीं। पिछले साल ट्रंप  राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार थे और उन्होंने न्यूजर्सी में पारंपरिक  तरीके से दीप प्रज्वलित किया और भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधित किया था।
 
दीपावली समारोह के आयोजन की परंपरा व्हाइट हाउस में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने शुरू  की थी। बुश के कार्यकाल के दौरान उनकी टीम दीपावली समारोहों का आयोजन अक्सर  व्हाइट हाउस परिसर में ‘इंडिया ट्रीटी रूम’ में किया करती थी। बहरहाल, बुश ने कभी भी  व्हाइट हाउस में दीपावली समारोह में हिस्सा नहीं लिया।
 
उनके उत्तराधिकारी बराक ओबामा ने अपने कार्यकाल के पहले साल में दीपावली के अवसर  पर व्हाइट हाउस के ‘ईस्ट रूम’ में परंपरागत दीप प्रज्वलित किया था। उसके बाद उन्होंने  आगामी वर्षों में यह सिलसिला बरकरार रखा। (भाषा)
अगला लेख
पाक को बड़ा झटका, इस काम में अमेरिका की मदद कर सकता है भारत...